हिंगोली। देशभर में NEET RE-Exam के सफल आयोजन के बीच एक बार फिर छात्र आत्महत्या की खबर ने सभी को झकझोर दिया है। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में 18 वर्षीय NEET अभ्यर्थी सुशील धागे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले उसने अपनी मां के नाम एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसे देखकर पूरा परिवार सदमे में है।
आखिरी वीडियो में मां से मांगी माफी
बता दें आत्महत्या से पहले सुशील ने करीब 33 सेकंड का वीडियो बनाया। वीडियो में वह हाथ जोड़कर अपनी मां से माफी मांगता नजर आया। उसने कहा-
“मां, मुझे माफ कर देना। आप सुमेध के साथ रहना और अपना ख्याल रखना। मेरी चिंता मत करना। मैं बहुत दर्द में हूं। मुझसे अब कुछ नहीं हो पा रहा है। मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा… बस मुझे माफ कर देना।”
वीडियो सामने आने के बाद परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
कुएं में कूदकर दी जान
जानकारी के मुताबिक, वीडियो भेजने के बाद सुशील घर से निकल गया और एक कुएं में छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
NEET परीक्षा में हुआ था शामिल
सूत्रों के अनुसार, सुशील ने 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा में हिस्सा लिया था। हालांकि पेपर लीक विवाद के चलते परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 21 जून को दोबारा आयोजित परीक्षा में भी वह शामिल हुआ था। परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि परीक्षा और भविष्य को लेकर वह काफी तनाव में था।
देशभर में बढ़ रही चिंता
रिपोर्ट्स के अनुसार NEET विवाद और दोबारा परीक्षा की प्रक्रिया के बाद छात्रों पर मानसिक दबाव लगातार बढ़ा है। बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद के बाद देश के अलग-अलग राज्यों में कई छात्र आत्महत्या जैसे कदम उठा चुके हैं।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या केवल परीक्षा आयोजित कराना ही पर्याप्त है, या छात्रों को मानसिक और भावनात्मक सहयोग देने की भी जरूरत है? शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि परिवार, स्कूल और प्रशासन को मिलकर ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए मजबूत सहायता प्रणाली तैयार करनी होगी।

