नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) से सामने आए एक वीडियो ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन्यजीवों को सुरक्षित रखने और लोगों को उनसे दूरी बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाले विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी स्वयं एक जंगली सांभर को अपने हाथों से पोहा खिलाते हुए कैमरे में कैद हो गए। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया और विभाग ने संबंधित अधिकारी को निलंबित कर दिया।
https://www.instagram.com/reel/DaE-ieHp949/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
चुरना रेंज का मामला
जानकारी अनुसार, यह मामला सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की चुरना रेंज का है। यहां पदस्थ एसडीओ विनोद वर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में वह अपने सरकारी आवास के लॉन में बैठकर पोहा खाते दिखाई देते हैं। इसी दौरान एक जंगली सांभर उनके पास पहुंचता है, जिसे वह अपने हाथों से पोहा खिलाते नजर आते हैं।

पर्यावरण कार्यकर्ता ने उठाया मुद्दा
बता दें इस पूरे मामले को आरटीआई एवं पर्यावरण कार्यकर्ता अजय दुबे ने प्रमुखता से उठाया। उन्होंने वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए वन विभाग और पर्यावरण मंत्रालय से कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि वन्यजीवों को इस तरह भोजन खिलाना वन्यजीव संरक्षण के सिद्धांतों और विभागीय आचार संहिता की भावना के विपरीत है तथा इससे वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
विभाग ने की कार्रवाई
वहीं मामले के सार्वजनिक होने और विवाद बढ़ने के बाद वन विभाग ने एसडीओ विनोद वर्मा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। फिलहाल मामले की विभागीय जांच की जा रही है।

