सेशेल्स। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने महत्वपूर्ण सेशेल्स दौरे पर रवाना हो चुके हैं। इस यात्रा का सबसे खास और चर्चित पल होगा दुनिया के सबसे बुजुर्ग जीवित जमीनी जानवर ‘जोनाथन’ से उनकी मुलाकात। करीब 194 साल का यह विशाल कछुआ सिर्फ सेशेल्स ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में अपनी लंबी उम्र के लिए जाना जाता है।
सूत्रों के मुताबिक, जोनाथन का जन्म वर्ष 1832 में माना जाता है और उसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दुनिया के सबसे बुजुर्ग जीवित जमीनी जानवर के रूप में दर्ज है। लगभग दो सदियों के सफर में वह कई ऐतिहासिक घटनाओं, बदलती पीढ़ियों और दुनिया के बड़े बदलावों का साक्षी रहा है।
194 साल बाद भी जोनाथन पूरी तरह एक्टिव
उम्र भले ही 194 साल हो चुकी हो, लेकिन जोनाथन आज भी पूरी तरह सक्रिय है। हालांकि मोतियाबिंद के कारण उसकी आंखों की रोशनी कमजोर हो गई है और सूंघने की क्षमता भी पहले जैसी नहीं रही, लेकिन विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की देखरेख में वह स्वस्थ जीवन जी रहा है। आज जोनाथन सेशेल्स आने वाले पर्यटकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बन चुका है।
सेशेल्स नेशनल बॉटनिकल गार्डन भी जाएंगे PM मोदी
जानकारी अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान सेशेल्स नेशनल बॉटनिकल गार्डन का भी भ्रमण करेंगे। यहां वह जोनाथन से मुलाकात के साथ एक पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जलवायु संतुलन का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
भारत-सेशेल्स के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
बता दें यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में आमंत्रित किया गया है। दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी, जिनमें—
- समुद्री सुरक्षा
- ब्लू इकोनॉमी
- जलवायु परिवर्तन से निपटने की रणनीति
- क्षमता निर्माण
- विकास एवं निवेश सहयोग
जैसे विषय प्रमुख रहेंगे।
क्यों खास है यह मुलाकात?
वहीं प्रधानमंत्री मोदी की जोनाथन से मुलाकात सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति वैश्विक संदेश भी मानी जा रही है। लगभग दो सदियों का इतिहास अपने भीतर समेटे यह विशाल कछुआ आज भी दुनिया के लिए आश्चर्य का विषय बना हुआ है। भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत होते रिश्तों के बीच यह मुलाकात प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे की सबसे यादगार तस्वीरों में शामिल हो सकती है।

