मुबंई। भारतीय पौराणिक कथाओं, रहस्यमयी मंदिरों और रोमांचक खजाने की खोज पर आधारित मेगा बजट फिल्म ‘नागबंधम: द सीक्रेट ट्रेजर’ सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। करीब 110 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह भव्य एडवेंचर थ्रिलर सिर्फ एक ट्रेजर हंट की कहानी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और अनसुलझे रहस्यों को बड़े पर्दे पर जीवंत करने का प्रयास है।
निर्देशक अभिषेक नामा के अनुसार, फिल्म की कहानी सदियों पुराने एक ऐसे रहस्य के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मानवता की किस्मत बदलने की क्षमता रखता है। इसमें भगवान शिव, प्राचीन मंदिरों, नाग परंपराओं, ब्रह्मकमल, भूले-बिसरे योद्धाओं और एक रहस्यमयी खजाने को रोमांचक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
पांच भाषाओं में होगी रिलीज
सूत्रों के मुताबिक फिल्म को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया जाएगा, ताकि देशभर के दर्शक इसकी भव्य दुनिया का अनुभव कर सकें।
वर्षों की रिसर्च के बाद तैयार हुई कहानी
निर्देशक अभिषेक नामा ने बताया कि इस फिल्म का विचार भारत के प्राचीन इतिहास, मंदिरों और रहस्यमयी खजानों से जुड़ी कहानियों पर लंबे समय तक किए गए अध्ययन से जन्मा। उन्होंने नाग परंपरा, खो चुकी सभ्यताओं और भारतीय मिथकों पर गहन रिसर्च के बाद इस कहानी को विकसित किया।
हर किरदार के लिए चुनी गई परफेक्ट स्टारकास्ट
बता दें फिल्म में मुख्य भूमिका विराट कर्ण निभा रहे हैं, जिनके इर्द-गिर्द पूरी कहानी आगे बढ़ती है। उनके साथ महेश मांजरेकर, मुरली शर्मा, नाभा नटेश और दक्षा नागरकर जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्देशक का कहना है कि प्रत्येक कलाकार का चयन उसके किरदार की गहराई और स्क्रीन प्रेजेंस को ध्यान में रखकर किया गया है।
एक साल से ज्यादा चली शूटिंग
जानकारी अनुसार, ‘नागबंधम’ की शूटिंग को पूरा करने में एक वर्ष से अधिक का समय लगा। फिल्म के लिए हैदराबाद में विशाल स्टूडियो सेट तैयार किए गए। इसके अलावा जंगल, नदी, पानी वाले क्षेत्रों और बड़े आउटडोर लोकेशन पर भी शूटिंग की गई, ताकि कहानी की अलग-अलग दुनियाओं को वास्तविक रूप दिया जा सके।
वहीं फिल्म की दुनिया को जीवंत बनाने के लिए करीब 10 भव्य सेट तैयार किए गए। हर हथियार, कॉस्ट्यूम और प्रॉप्स को विशेष रूप से डिजाइन किया गया। एक्शन और क्लोज-अप दृश्यों के लिए अलग-अलग प्रकार के हथियारों का निर्माण किया गया, जिससे विजुअल क्वालिटी और भी प्रभावशाली बन सके।
पांच भव्य गानों से सजेगी फिल्म
फिल्म का संगीत भी इसकी कहानी का अहम हिस्सा है। इसमें कुल 5 बड़े गाने शामिल किए गए हैं, जिनमें—
- दिव्य ऊर्जा और भगवान शिव को समर्पित भक्ति गीत
- मुख्य किरदारों की प्रेम कहानी पर आधारित रोमांटिक ट्रैक
- त्याग और संघर्ष को दर्शाने वाला इमोशनल गीत
- सनातन परंपरा और नागा साधुओं से प्रेरित विशेष गीत
- पारिवारिक उत्सव और भारतीय संस्कृति को दर्शाने वाला उत्साहपूर्ण गीत
संस्कृति से जोड़ने की कोशिश
निर्देशक अभिषेक नामा का कहना है कि ‘नागबंधम: द सीक्रेट ट्रेजर’ का उद्देश्य केवल दर्शकों का मनोरंजन करना नहीं है, बल्कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति और पौराणिक विरासत को आधुनिक सिनेमाई अंदाज में दुनिया के सामने प्रस्तुत करना भी है। यह फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

