Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभारत-इंडोनेशिया रिश्तों को नई उड़ान: PM मोदी को मिला सर्वोच्च नागरिक सम्मान

भारत-इंडोनेशिया रिश्तों को नई उड़ान: PM मोदी को मिला सर्वोच्च नागरिक सम्मान

जकार्ता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे के दूसरे दिन भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक सहयोग को नई मजबूती देने वाले कई महत्वपूर्ण समझौते हुए। इनमें सबसे अधिक चर्चा ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और अस्त्र एयर-टू-एयर मिसाइल से जुड़े रक्षा सहयोग की रही।

बता दें दोनों देशों के बीच पिछले कई महीनों से चल रही बातचीत के बाद इंडोनेशिया ने भारत के साथ रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया’ से सम्मानित किया गया।

ब्रह्मोस डील से मजबूत होगी रक्षा साझेदारी

सूत्रों के मुताबिक, भारत और इंडोनेशिया के बीच हुई सहमति के तहत इंडोनेशिया भारतीय ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल प्रणाली की अतिरिक्त यूनिट खरीदेगा। इससे दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ती सामरिक चुनौतियों के बीच यह साझेदारी समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

‘अस्त्र‘ मिसाइल खरीदने पर भी सहमति

साथ ही इंडोनेशिया ने भारत में विकसित ‘अस्त्र’ एयर-टू-एयर मिसाइल प्रणाली में भी रुचि दिखाई है। यह मिसाइल भारतीय रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) द्वारा विकसित की गई है और भारतीय वायुसेना की आधुनिक हथियार प्रणालियों में शामिल है।

EVM तकनीक में भी भारत करेगा सहयोग

रक्षा सहयोग के अलावा भारत इंडोनेशिया को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) विकसित करने में तकनीकी सहयोग भी देगा। यह कदम दोनों देशों के बीच लोकतांत्रिक संस्थाओं और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

PM मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान

जकार्ता स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया’ से सम्मानित किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय वार्ता के बाद कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

भारतीय समुदाय से करेंगे संवाद

प्रधानमंत्री मोदी जकार्ता में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह इंडोनेशिया के ऐतिहासिक प्रम्बानन हिंदू मंदिर का दौरा करेंगे। 9वीं शताब्दी में निर्मित यह मंदिर भगवान शिव, विष्णु और ब्रह्मा को समर्पित है और यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है।

भारत-इंडोनेशिया संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा केवल रक्षा समझौतों तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापार, डिजिटल सहयोग, समुद्री सुरक्षा, निवेश और सांस्कृतिक संबंधों को भी नई गति देने वाली मानी जा रही है। दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन