छतरपुर। बुंदेलखंड के प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थलों में शामिल जटाशंकर धाम में हुई जोरदार बारिश ने पूरे क्षेत्र का नजारा बदल दिया है। पहाड़ों के बीच स्थित इस पवित्र धाम में लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद मंदिर परिसर पूरी तरह पानी से भर गया, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को एक दुर्लभ और मनमोहक दृश्य देखने को मिला।
बता दें ‘बुंदेलखंड का केदारनाथ’ कहे जाने वाले जटाशंकर धाम में पहाड़ियों से तेज गति से पानी नीचे उतरकर मंदिर परिसर में पहुंचा। वहीं पवित्र गौमुख से भी पानी का तेज बहाव देखने को मिला। प्राकृतिक सौंदर्य और आस्था का यह अनोखा संगम श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया।
बारिश के बाद मंदिर परिसर में बना यह दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो प्रकृति स्वयं भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रही हो। मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस अद्भुत नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
https://www.instagram.com/reel/DafIknSAGYr/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में जटाशंकर धाम का प्राकृतिक सौंदर्य और भी निखर जाता है, लेकिन इस बार पानी का बहाव और जलभराव का दृश्य विशेष रूप से आकर्षक रहा। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर इस धार्मिक स्थल की तस्वीरें और वीडियो चर्चा का विषय बने हुए हैं।
जटाशंकर धाम न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि अपनी प्राकृतिक गुफाओं, पहाड़ियों और जल स्रोतों के कारण पर्यटकों के बीच भी बेहद लोकप्रिय है। बारिश के बाद यहां का नजारा और भी दिव्य एवं मनमोहक हो जाता है।

