14 जुलाई से घर-घर पहुंचकर होगी बच्चों की स्वास्थ्य जांच
सिवनी / नितिन तिवन : सिवनी कलेक्टर नेहा मीना ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर 14 जुलाई से प्रारंभ होने वाले ‘दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान’ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को पूरी गंभीरता, समन्वय एवं समयबद्धता के साथ संचालित किया जाए, ताकि जिले का कोई भी पात्र बच्चा स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।
कलेक्टर मीना ने कहा कि बरसात के मौसम में बच्चों में दस्त, कुपोषण, निमोनिया सहित अन्य बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में मैदानी अमले की सक्रियता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि एएनएम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीम निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक घर तक पहुंचे और पांच वर्ष तक के सभी बच्चों की अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करे। उन्होंने अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने तथा प्रत्येक परिवार तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गंभीर कुपोषित, बीमार अथवा चिकित्सकीय जटिलता वाले बच्चों की पहचान होते ही उन्हें तत्काल निकटतम स्वास्थ्य संस्थान अथवा पोषण पुनर्वास केंद्र तक रेफर कर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा उपचार की निरंतर निगरानी रखी जाए।
उन्होंने अधिकारियों को ओआरएस, जिंक टैबलेट, विटामिन-ए एवं आईएफए सिरप की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सामग्री वितरण के साथ-साथ परिवारों को स्वच्छता, हाथ धोने की आदत, सुरक्षित पेयजल के उपयोग, स्तनपान, पूरक आहार तथा दस्त होने पर तत्काल ओआरएस और जिंक के उपयोग के संबंध में भी प्रभावी रूप से जागरूक किया जाए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, प्रतिदिन अभियान की प्रगति की समीक्षा करने तथा जिन क्षेत्रों में प्रगति कम हो वहां विशेष फोकस के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान प्रारंभ होने से पूर्व पांच वर्ष तक के सभी बच्चों के डिजिटाइजेशन कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक चलने वाले 33 कार्य दिवस के इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों की स्क्रीनिंग करेगी। बच्चों में दोनों पैरों की सूजन, एमयूएसी (MUAC) टेप से गंभीर कुपोषण की जांच तथा डीएसएस (DSS) टूल के माध्यम से चिकित्सकीय जटिलताओं का आकलन किया जाएगा। प्रत्येक पात्र बच्चे के परिवार को दो ओआरएस पैकेट, 14 जिंक टैबलेट, आयु अनुरूप विटामिन-ए तथा आईएफए सिरप उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंजली शाह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी तथा अभियान से जुड़े अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

