Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsMP में मिला सदियों पुराना ज्ञान का खजाना

MP में मिला सदियों पुराना ज्ञान का खजाना

भोपाल: मध्य प्रदेश में चल रहे ‘ज्ञान भारतम् ऐप’ अभियान के तहत इतिहास और संस्कृति से जुड़ी कई दुर्लभ पांडुलिपियां और प्राचीन दस्तावेज सामने आए हैं। इस अभियान के दौरान टीकमगढ़ से 10 फीट लंबा ‘जम्बूद्वीप’ का प्राचीन नक्शा और बुरहानपुर से करीब 220 साल पुराना, 20 फीट लंबा हस्तलिखित ‘श्रीमद्भागवत महापुराण’ मिला है। इन दुर्लभ खोजों के साथ ही पांडुलिपियों के डिजिटल पंजीकरण के मामले में मध्य प्रदेश देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है।

डिजिटल रजिस्ट्रेशन में नंबर-1 बना मध्य प्रदेश

बता दें राज्य सरकार के विशेष अभियान के तहत अब तक 34 लाख 45 हजार 439 पांडुलिपियों के पन्नों का डिजिटल रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। यह उपलब्धि ‘ज्ञान भारतम् ऐप’ के माध्यम से हासिल हुई है, जिसका उद्देश्य देश की प्राचीन ज्ञान परंपरा को डिजिटल रूप में सुरक्षित करना है।

टीकमगढ़ में मिला ‘जम्बूद्वीप’ का दुर्लभ नक्शा

अभियान के दौरान टीकमगढ़ जिले से कपड़े पर बना करीब 10 फीट लंबा ‘जम्बूद्वीप’ का प्राचीन नक्शा मिला है। इस नक्शे में प्राचीन भारतीय भूगोल का चित्रण किया गया है। इसके मध्य भाग में वृत्ताकार संरचना और चारों ओर पर्वत श्रृंखलाओं व विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत विवरण दर्शाया गया है। विशेषज्ञ इसे भारतीय भूगोल संबंधी प्राचीन ज्ञान का महत्वपूर्ण प्रमाण मान रहे हैं।

ये भी पढ़े नहीं मिली एंबुलेंस… ऑटो में महिला ने दिया चार बच्चों को जन्म; सभी नवजातों की मौत

बुरहानपुर से मिला 220 साल पुराना महापुराण

बुरहानपुर से करीब 220 वर्ष पुराना और 20 फीट लंबा हस्तलिखित ‘श्रीमद्भागवत महापुराण’ भी मिला है। यह दुर्लभ पांडुलिपि भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की महत्वपूर्ण धरोहर मानी जा रही है।
पन्ना से मिली 435 साल पुरानी ‘रसिक प्रिया’
पन्ना जिले के श्री राम जानकी मंदिर से महाकवि केशवदास द्वारा रचित प्रसिद्ध ग्रंथ ‘रसिक प्रिया’ की मूल हस्तलिखित पांडुलिपि भी सामने आई है। वर्ष 1591 ईस्वी में रचित यह ग्रंथ हिंदी साहित्य के रीतिकाल की महत्वपूर्ण कृति माना जाता है।

दतिया में मिला प्राचीन ताम्रपत्र

दतिया जिले से विक्रम संवत 1828 का एक प्राचीन ताम्रपत्र अभिलेख भी मिला है, जिसे ओरछा राज्य के इतिहास से जुड़ा महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जा रहा है।

भोपाल और इंदौर रहे सबसे आगे

सूत्रों के मुताबिक, डिजिटल पंजीकरण अभियान में राजधानी भोपाल सबसे आगे रही, जहां 24 लाख से अधिक पांडुलिपियों के पन्नों का पंजीकरण किया गया। इसके बाद इंदौर, रीवा, बैतूल और छिंदवाड़ा का स्थान रहा। अब तक 12 लाख से अधिक पांडुलिपियों का सत्यापन भी पूरा किया जा चुका है।

आम लोग भी बन सकते हैं इस अभियान का हिस्सा

‘ज्ञान भारतम् ऐप’ के जरिए कोई भी व्यक्ति अपने घर, मंदिर, आश्रम या किसी संस्था में सुरक्षित प्राचीन हस्तलिखित ग्रंथ, पांडुलिपि या दस्तावेज की जानकारी साझा कर सकता है। इसके अलावा शोधार्थी और विद्यार्थी ऐप के स्मार्ट सर्च फीचर की मदद से लेखक, भाषा या विषय के आधार पर दुर्लभ पांडुलिपियों की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। इस अभियान का उद्देश्य देश की अमूल्य सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को डिजिटल माध्यम से सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन