शाजापुर: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को शाजापुर जिले के कालापीपल में आयोजित “किसान समृद्धि संकल्प सम्मेलन” और ‘हरा-भरा कालापीपल पौधरोपण अभियान’ का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कृषि विकास, सिंचाई, फसल उत्पादन और किसान कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा। सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ₹30.86 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

बता दें सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए तथा किसानों को संबोधित करते हुए कृषि को अधिक लाभकारी और आधुनिक बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनके समग्र कल्याण के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। इसी क्रम में उन्होंने घोषणा करते हुए कहा-
”अब प्रदेश के किसानों को कृषि ऋण चुकाने के लिए पूरे एक वर्ष का समय मिलेगा। इस निर्णय से किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी और वे बिना अतिरिक्त दबाव के खेती-किसानी की बेहतर योजना बना सकेंगे।”
मुख्यमंत्री के कालापीपल आगमन पर रोड शो का आयोजन भी किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों और किसानों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया तथा प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

इसी के साथ ही मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरित मध्यप्रदेश का निर्माण जनभागीदारी से ही संभव है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, किसान एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। किसान समृद्धि संकल्प सम्मेलन के माध्यम से सरकार ने किसान कल्याण, हरित विकास और क्षेत्रीय विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया।

