शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प नजारा देखने में नज़र आया,जब बीजेपी विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने अपने विधानसभा क्षेत्र की सड़कों को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में विधायक ने कहा कि यदि उनके क्षेत्र की लंबित सड़कें नहीं बनीं तो वह जूते-चप्पल पहनना छोड़ देंगे।
यह घटनाक्रम कालापीपल में आयोजित किसानों से संवाद एवं पौधारोपण कार्यक्रम का है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र की विकास संबंधी मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखते हुए कहा कि सड़कों का निर्माण क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि जब तक सड़कें नहीं बनेंगी, तब तक वह जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे।
विधायक ने मुख्यमंत्री को सौंपे गए मांग पत्र में 48 सड़कों के उन्नयन, 16 नई सड़कों की स्वीकृति, नए राजस्व भवन के निर्माण और अरनियाकला में आर्ट्स एवं साइंस कॉलेज शुरू करने की मांग रखी। उनका कहना था कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
विधायक के ऐलान पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंच से ही मुस्कुराते हुए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ‘जूते-चप्पल छोड़ने की कोई जरूरत नहीं है। हम 16 नहीं, 17 सड़कें देने का प्रयास करेंगे।’ मुख्यमंत्री ने विधायक को सार्वजनिक मंच से शब्दों का संयम रखने की भी सलाह दी और भरोसा दिलाया कि सरकार क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करेगी। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ इस संवाद का स्वागत किया।

