लंदन: विंबलडन 2026 का महिला एकल फाइनल को पूरी दुनिया की नजरों का केंद्र होगा। नौवीं वरीयता प्राप्त लिंडा नोस्कोवा और 10वीं वरीयता प्राप्त कैरोलिना मुचोवा के बीच ऑल-चेक फाइनल खेला जाएगा। खास बात यह है कि दोनों में से किसी ने भी अब तक कोई ग्रैंड स्लैम खिताब नहीं जीता है| जिससे विंबलडन को इस बार नया चैंपियन मिलना तय है।
करीब एक दशक बाद ऐसा मौका आया है, जब किसी ग्रैंड स्लैम महिला फाइनल में एक ही देश की दो खिलाड़ी आमने-सामने होंगी। इससे पहले 2017 यूएस ओपन के फाइनल में अमेरिका की स्लोन स्टीफंस और मैडिसन कीज़ भिड़ी थीं।
मुचोवा की ताकत- हर स्थिति में वापसी की क्षमता
कैरोलिना मुचोवा इस समय शानदार लय में हैं। उन्होंने विंबलडन के दौरान कोको गॉफ, नाओमी ओसाका और बारबोरा क्रेजिकोवा जैसी ग्रैंड स्लैम चैंपियन खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में जगह बनाई है।
सेमीफाइनल में कोको गॉफ के खिलाफ मैच प्वाइंट बचाने के बाद भी मुचोवा ने धैर्य नहीं खोया और लंबी रैलियों में अपनी फिटनेस व शानदार कोर्ट कवरेज का प्रदर्शन किया। यदि वह फाइनल में भी इसी तरह संयम और आक्रामकता के बीच संतुलन बनाए रखती हैं, तो पहला ग्रैंड स्लैम जीतने का सपना पूरा कर सकती हैं।
उनकी मजबूत सर्विस भी बड़ा हथियार होगी, क्योंकि नोस्कोवा के खिलाफ ज्यादा ब्रेक प्वाइंट मिलने की संभावना कम मानी जा रही है।
नोस्कोवा की सबसे बड़ी ताकत- घातक सर्विस
लिंडा नोस्कोवा की सबसे बड़ी ताकत उनकी दमदार सर्विस है। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने अपने पहले सर्व पर लगातार शानदार प्रदर्शन किया है और विरोधी खिलाड़ियों को वापसी का बहुत कम मौका दिया है।
सेमीफाइनल में मार्टा कोस्त्युक के खिलाफ नोस्कोवा ने पहले सर्व पर 74 प्रतिशत अंक जीते और दूसरे सेट तक एक भी ब्रेक प्वाइंट का सामना नहीं किया। इससे पहले भी वह मैडिसन कीज़ और जेसिका पेगुला जैसी अनुभवी खिलाड़ियों को हराकर अपनी फॉर्म साबित कर चुकी हैं।
किसके सिर सजेगा ताज?
फाइनल में मुकाबला अनुभव और आत्मविश्वास के बीच माना जा रहा है। एक ओर मुचोवा का बड़े मुकाबलों का अनुभव है, तो दूसरी ओर नोस्कोवा की आक्रामक सर्विस और बेखौफ खेल। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है और शनिवार को विंबलडन को अपना नया महिला चैंपियन मिल जाएगा।

