Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsमुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की 26वीं किस्त की...

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की 26वीं किस्त की जारी

भिंड: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भिंड जिले के लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 26वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से ₹1,835 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की। इस अवसर पर उन्होंने ₹322.29 करोड़ की लागत से तैयार एवं स्वीकृत 56 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने मंच से उपस्थित लाड़ली बहनों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार और परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा लाड़ली बहनों का सम्मान और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मध्यप्रदेश सरकार उनके हित में हर आवश्यक कदम उठाएगी। महिलाओं का सशक्तिकरण ही समृद्ध परिवार और विकसित मध्यप्रदेश की मजबूत नींव है।

बता दें कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की।

मुख्यमंत्री के लहार आगमन पर नगर में भव्य रोड-शो का आयोजन किया गया। रोड-शो के दौरान जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर सम्मान किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को राज्य स्तरीय स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। इस आयोजन के माध्यम से एक ओर प्रदेश की महिलाओं को योजना की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई, वहीं दूसरी ओर भिंड जिले के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन