बालाघाट: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बालाघाट-लामता मार्ग पर मगरदर्रा और टिटवा गांव के बीच नाले के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए, जिनमें चार लोगों को गंभीर चोटें आने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा रविवार दोपहर करीब 3:45 बजे हुआ। बस बालाघाट से परसवाड़ा के लिए रवाना हुई थी और उसमें लगभग 20 से 22 यात्री सवार थे। घायलों का आरोप है कि रास्ते में बस दो बार खराब हुई, जिसके बाद समय की भरपाई करने के लिए चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था।
मगरदर्रा की पहाड़ी पार करते ही पलटी बस
यात्रियों के मुताबिक, मगरदर्रा मंदिर की पहाड़ी पार करने के बाद टिटवा के पास नाले के समीप चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
चार घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल रेवतन बाई बघेल (47), हरेसिंह टेकाम (46), शिवानी बघेल (22) और जाग्रति उइके (22) को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और बस की तकनीकी खराबी हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है।

