नई दिल्ली: NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने फर्जी OMR शीट और स्कोर कार्ड के मामले में सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। NTA ने उम्मीदवारों, अभिभावकों और कोचिंग संस्थानों को ऐसे फर्जी दस्तावेजों से सावधान रहने की सलाह दी है।
NEET UG 2026 की परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित हुई थी, जबकि इसका रिजल्ट 16 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। NTA ने परीक्षा के बाद उम्मीदवारों की प्रोविजनल आंसर की, रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स और स्कैन की गई OMR शीट अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की थी।
उम्मीदवारों ने की थी शिकायत
रिजल्ट जारी होने के बाद कुछ उम्मीदवारों ने दावा किया कि उनके रोल नंबर पर दिखाई गई OMR शीट उनकी नहीं है या उसमें उनके भरे गए जवाबों से कम उत्तर दर्ज हैं। कुछ उम्मीदवारों ने दोबारा मूल्यांकन की मांग करते हुए कथित OMR शीट और स्कोर कार्ड की तस्वीरें भी भेजीं।
NTA की जांच में सामने आया कि उम्मीदवारों की असली OMR शीट उसके रिकॉर्ड में सुरक्षित मौजूद थी। असली दस्तावेजों में रोल नंबर, टेस्ट बुकलेट नंबर, बारकोड, QR कोड, उम्मीदवार की जानकारी, हस्ताक्षर और इनविजिलेटर के हस्ताक्षर सही पाए गए।
AI की मदद से बनाई गई फर्जी OMR शीट
NTA के मुताबिक, जांच में कई शिकायतों में भेजी गई OMR शीट फर्जी पाई गईं। इनमें AI टूल्स और डिजिटल एडिटिंग की मदद से दस्तावेजों के प्रिंटेड हिस्सों में बदलाव किया गया था। कुछ मामलों में उम्मीदवार का नाम, माता-पिता की जानकारी, सिग्नेचर और अंगूठे के निशान तक बदले गए। वहीं कुछ फर्जी दस्तावेजों में जवाबों की संख्या और स्कोर में भी हेरफेर किया गया। हालांकि, NTA ने बताया कि QR कोड और बारकोड में बदलाव नहीं किया गया, जिसके जरिए असली रिकॉर्ड की पहचान हो गई।
फर्जी दस्तावेज बनाने वालों पर होगी कार्रवाई
NTA ने साफ किया है कि फर्जी OMR शीट, स्कोर कार्ड या परीक्षा से जुड़े दस्तावेज बनाना, इस्तेमाल करना या फैलाना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में Public Examinations (Prevention of Unfair Means) Act, 2024, भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 और IT Act 2000 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। दोषी पाए जाने वाले उम्मीदवारों की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है और उन्हें भविष्य की NTA परीक्षाओं से प्रतिबंधित भी किया जा सकता है।
NTA ने उम्मीदवारों से की अपील
NTA ने कहा कि, उम्मीदवार केवल आधिकारिक पोर्टल से जारी दस्तावेजों पर भरोसा करें। अगर किसी उम्मीदवार को वास्तविक शिकायत है तो वह आवेदन नंबर, रोल नंबर और संबंधित जानकारी के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत NTA को शिकायत भेज सकता है।
एजेंसी ने उम्मीदवारों, अभिभावकों और कोचिंग संस्थानों से अपील की है कि वे फर्जी दस्तावेजों और बिचौलियों से सावधान रहें।

