भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए ‘मध्यप्रदेश समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक-2026’ सदन में पेश कर दिया। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने घोषणा की कि इस महत्वपूर्ण विधेयक पर मंगलवार को विस्तृत चर्चा होगी, जिसके बाद आगे की विधायी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। UCC के साथ सरकार ने कुल 11 महत्वपूर्ण विधेयक सदन के पटल पर रखे। इन विधेयकों को प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और श्रम सुधारों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विधानसभा में ये विधेयक पेश
- मध्य प्रदेश समान नागरिक संहिता 2026
- मध्य प्रदेश निरसन विधेयक 2026
- मध्य प्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विधेयक, 2026
- मध्य प्रदेश राजमार्ग (संशोधन) विधेयक 2026
- मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (स्थापना एवं संचालन) संशोधन विधेयक 2026
- मध्य प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2026
- मध्य प्रदेश धन्वंतरि स्वास्थ्य विश्वविद्यालय विधेयक 2026
- मध्य प्रदेश कोड ऑन एम्पावरिंग वर्क स्पेसेज 2026
- मध्य प्रदेश श्रम शक्ति संहिता 2026
- मध्य प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक, 2026
- भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता संशोधन विधेयक 2026
सरकार की ओर से UCC को प्रदेश में समान अधिकार और समान कानूनी व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम बताया जा रहा है। वहीं विपक्ष इस विधेयक पर विस्तृत चर्चा की तैयारी में जुट गया है। ऐसे में मंगलवार को विधानसभा में UCC पर तीखी बहस होने के आसार हैं और पूरे प्रदेश की नजर अब इस चर्चा पर टिकी हुई है।
विधानसभा के बाहर OBC महासभा का प्रदर्शन
एक तरफ विधानसभा के भीतर जहां विधायी प्रक्रिया चल रही थी, वहीं बाहर OBC महासभा मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं ने 27% ओबीसी आरक्षण लागू करने और 13% होल्ड पदों को तत्काल मुक्त करने की मांग को लेकर विधानसभा घेराव का प्रयास किया। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी रंगमहल चौराहे तक पहुंच गए, जहां पहले से तैनात पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक दिया।

प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।
प्रदर्शन के चलते विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। पुलिस बल की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात रहीं और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी गई।

