भोपाल: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। प्रदेश को “बेस्ट परफॉर्मिंग लार्ज स्टेट – हाइयेस्ट प्री-ऑथराइजेशंस विथ बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन” श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार योजना के तहत बायोमेट्रिक आधारित प्री-ऑथराइजेशन प्रक्रिया के प्रभावी, पारदर्शी और सफल क्रियान्वयन के लिए प्रदान किया गया।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, तकनीक आधारित सुशासन और जनहितकारी कार्यों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय आयुष्मान भारत निरामयम् मध्यप्रदेश की टीम, जिला अधिकारियों, चिकित्सालयों तथा योजना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

यह सम्मान राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) द्वारा नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में आयोजित राष्ट्रीय समीक्षा बैठक (चिंतन शिविर) के दौरान प्रदान किया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने आयुष्मान भारत निरामयम् मध्यप्रदेश के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद शाह को यह पुरस्कार प्रदान किया।
यह भी पढ़ें-
बैहर पुलिस की बड़ी सफलता: ₹5 लाख की चोरी का पर्दाफाश, 11 आरोपी गिरफ्तार
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बर्नवाल, संयुक्त सचिव किरण गोपाल वास्का सहित एनएचए और यूआईडीएआई के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। मध्यप्रदेश को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक के प्रभावी उपयोग और पारदर्शी व्यवस्था की दिशा में प्रदेश की उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है।

