नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया अपनी तैयारियों को मजबूत करने में जुट गई है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर 7 अगस्त से चार दिवसीय वॉर्म-अप मुकाबला खेलेगी।
टीम इंडिया खेलेगी वार्म-अप मैच
भारतीय टीम 4 अगस्त को कोलंबो पहुंचेगी, जिसके बाद खिलाड़ी कुछ प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लेंगे। यह वॉर्म-अप मैच कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब (NCC) में 7 से 10 अगस्त तक खेला जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, इस अभ्यास मैच का मकसद खिलाड़ियों को श्रीलंका के हालात और पिच के मिजाज से तालमेल बिठाने का मौका देना है, ताकि मुख्य टेस्ट सीरीज में टीम बेहतर प्रदर्शन कर सके।
15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
वॉर्म-अप मुकाबले के बाद भारतीय टीम गॉल के लिए रवाना होगी। यहां गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 15 अगस्त से भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा।
टीम इंडिया इस दौरे पर नए कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में उतरेगी। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए यह अभ्यास मैच सीरीज से पहले अपनी रणनीति और संयोजन को परखने का अहम मौका माना जा रहा है।
3-0 से जीती थी सीरीज
भारतीय टीम साल 2017 के बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलती नजर आएगी। पिछली बार विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने 3-0 से जीत हासिल की थी। भारत का पिछला टेस्ट मैच जून में अफगानिस्तान के खिलाफ था, जिसमें टीम ने पारी के अंतर से शानदार जीत दर्ज की थी। दूसरी तरफ, श्रीलंका को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था।

