Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsइंदौर में CM मोहन यादव का भव्य स्वागत, समान नागरिक संहिता को...

इंदौर में CM मोहन यादव का भव्य स्वागत, समान नागरिक संहिता को मिला विभिन्न धर्मों और सामाजिक संगठनों का समर्थन

इंदौर: मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के निर्णय को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों और धर्मों से लगातार समर्थन मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इंदौर आगमन पर विभिन्न धार्मिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिक प्रतिनिधियों ने एयरपोर्ट पहुंचकर उनका भव्य स्वागत किया तथा समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में उठाए गए कदम के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि समान नागरिक संहिता किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि सभी नागरिकों को समान अधिकार, समान अवसर और समान न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भारतीय संविधान की मूल भावना समानता, न्याय और सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर नागरिक के अधिकारों की रक्षा और न्यायपूर्ण व्यवस्था स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि समान नागरिक संहिता समाज में एकरूपता, पारदर्शिता और विश्वास को बढ़ाने का कार्य करेगी तथा इससे प्रदेश में सामाजिक सौहार्द और समावेशी विकास को नई गति मिलेगी।

डॉ. मोहन यादव ने विभिन्न धर्मों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा व्यक्त किए गए समर्थन को प्रदेश के लिए सकारात्मक संदेश बताते हुए कहा कि जनता का यह विश्वास सरकार को जनहित में बड़े और प्रभावी निर्णय लेने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज का सहयोग ही विकसित और समरस मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है।

इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन