Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsमरीज को सेलाइन की जगह चढ़ाई गई मिनरल वाटर की ड्रिप

मरीज को सेलाइन की जगह चढ़ाई गई मिनरल वाटर की ड्रिप

डिंडोरी: मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिला अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां जहर खाने वाले एक युवक के इलाज के दौरान कथित तौर पर सेलाइन की जगह मिनरल वाटर की बोतल से ड्रिप चढ़ाए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन निवासी सत्यम कुमार ने किसी कारणवश चूहे मारने की दवा खा ली थी। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। इसी दौरान अस्पताल में मौजूद लोगों ने देखा कि युवक को मिनरल वाटर की बोतल से ड्रिप दी जा रही है। किसी ने इसका वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

यह भी पढ़ें-

बागेश्वर धाम में शुरू हुआ 9 दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव

नियमों के अनुसार नहीं हुआ उपचार- CMHO

बता दें यह मामला सामने आने के बाद डिंडोरी के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मनोज पांडे ने स्वीकार किया कि मरीज का पेट साफ करने की प्रक्रिया में सामान्य पानी का उपयोग किया गया था, जबकि निर्धारित चिकित्सीय प्रोटोकॉल के अनुसार ऐसा नहीं किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दोषियों पर होगी कार्रवाई

जिसके बाद डिंडोरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले भी मध्य प्रदेश के कई सरकारी अस्पतालों से मरीजों को स्ट्रेचर न मिलने, एंबुलेंस की कमी, ड्रिप खुद पकड़कर खड़े रहने जैसी तस्वीरें सामने आती रही हैं। ताजा मामला स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और अस्पतालों में मानकों के पालन को लेकर नई बहस छेड़ रहा है।

फिलहाल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन