नई दिल्ली: आईबी अधिकारी अंकित शर्मा हत्या मामले में दिल्ली पुलिस ने अदालत से सभी दोषियों को मृत्युदंड देने की मांग की है। सजा पर बहस के दौरान पुलिस ने अदालत में कहा कि यह अपराध अत्यंत क्रूर, निर्मम और सुनियोजित था, जिसे ‘रेयरेस्ट ऑफ रेयर’ श्रेणी में रखा जाना चाहिए।
दिल्ली पुलिस की ओर से दलील दी गई कि यह एक कोल्ड-ब्लडेड मर्डर था, जिसमें आरोपियों ने अमानवीय क्रूरता दिखाई। पुलिस ने कहा कि वारदात के दौरान आरोपी किसी कसाई की तरह व्यवहार कर रहे थे और अपराध की प्रकृति इतनी भयावह है कि इसे किसी भी परिस्थिति में माफ नहीं किया जा सकता।
ये भी पढ़े
सुप्रीम कोर्ट बोला- प्रदर्शन का हक नहीं छीना जा सकता
पुलिस ने अदालत को बताया कि, अंकित शर्मा की हत्या के बाद भी उनके शव पर लगातार हमला किया गया। घटना के समय उनके शरीर पर केवल अंडरगारमेंट था और जिस तरह से उन पर हमला किया गया, वह अपराधियों की क्रूर मानसिकता को दर्शाता है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंकित शर्मा के शरीर पर कुल 51 चोटों का उल्लेख है। इनमें से 7 चोटें ऐसी थीं जो अकेले ही मौत का कारण बन सकती थीं, जबकि 16 घाव धारदार हथियार से किए गए थे। पुलिस ने कहा कि चोटों की संख्या, उनका स्वरूप और हथियारों का इस्तेमाल इस अपराध की गंभीरता और निर्ममता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
इन्हीं तथ्यों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने अदालत से सभी दोषियों को मौत की सजा देने की अपील की है।

