रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजनीति में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 111 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा देकर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी है। इस घटनाक्रम के बाद विपक्षी कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधते हुए इसे संगठन के भीतर बढ़ते असंतोष का संकेत बताया है।
111 इस्तीफों से गरमाई प्रदेश की राजनीति
जानकारी अनुसार, डोंगरगढ़ में एक साथ 111 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के इस्तीफे ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। इस सामूहिक इस्तीफे को भाजपा के लिए बड़ा संगठनात्मक झटका माना जा रहा है। हालांकि, इस्तीफा देने वाले नेताओं की ओर से विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
यह भी पढ़ें-
MP Cabinet : मोहन सरकार के 10 बड़े फैसले
दीपक बैज ने BJP पर साधा निशाना
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि अब पार्टी के अपने कार्यकर्ताओं में भी असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, खाद-यूरिया की समस्या, खराब सड़कें, भ्रष्टाचार और युवाओं की नाराजगी जैसे मुद्दों के कारण भाजपा की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। बैज ने दावा किया कि 111 पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा इस बात का संकेत है कि संगठन के भीतर कार्यकर्ताओं की आवाज़ को पर्याप्त महत्व नहीं मिल रहा है।

भाजपा की प्रतिक्रिया का इंतजार
वहीं इतने बड़े घटनाक्रम के बावजूद भाजपा के स्थानीय और प्रदेश नेतृत्व की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में राजनीतिक हलकों की नजर अब इस बात पर है कि पार्टी इस मामले पर क्या रुख अपनाती है और असंतुष्ट नेताओं को मनाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

