सिवनी/नितिन तिवन: स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन पर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय सिवनी कलेक्टर एवं रोगी कल्याण समिति की अध्यक्ष नेहा मीना की अध्यक्षता तथा विधायक दिनेश राय की विशेष उपस्थिति में बुधवार को जिला चिकित्सालय सिवनी में रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं को सुदृढ़ करने, वित्तीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा विकास एवं मरम्मत कार्यों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक के अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा से हुई। इसके बाद सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. विनोद नावकर द्वारा रोगी कल्याण समिति की आय-व्यय का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। वित्तीय स्थिति की समीक्षा करते हुए विधायक दिनेश राय ने उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया। वहीं कलेक्टर नेहा मीना ने समिति की आय में वृद्धि के लिए विभिन्न आय स्रोतों का परीक्षण कर व्यवहारिक एवं प्रभावी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा सके।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं विशेषज्ञ उपचार व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर मीना ने डीएन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों को निर्धारित रोस्टर एवं समय-सारिणी के अनुसार जिला चिकित्सालय में नियमित रूप से सेवाएं देने के निर्देश दिए। साथ ही जिला चिकित्सालय के सभी चिकित्सकों को ओपीडी समय का कड़ाई से पालन करते हुए समय पर उपस्थित रहकर मरीजों को निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सोनोग्राफी सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने, गर्भवती महिलाओं के लिए संचालित सुमन हेल्पडेस्क के विस्तार तथा जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता सुनिश्चित होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों (गायनेकोलॉजिस्ट) को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में जैव चिकित्सा अपशिष्ट (बायो मेडिकल वेस्ट) के वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए वेइंग मशीन सहित आवश्यक उपकरणों की खरीद शासन के प्रचलित भंडार क्रय नियमों के अनुरूप पारदर्शी एवं नियमानुसार प्रक्रिया से करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला चिकित्सालय परिसर की आंतरिक सड़कों, भवनों के छज्जों एवं अन्य आवश्यक मरम्मत कार्यों का विस्तृत तकनीकी प्राक्कलन लोक निर्माण विभाग से शीघ्र तैयार कराकर स्वीकृति हेतु वरिष्ठ कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। रोगी कल्याण समिति परिसर में दुकानदारों के लिए शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था, दुकानों के नामांतरण सहित अन्य प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी पुरानी एम्बुलेंसों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने आवश्यक मरम्मत एवं फिटनेस परीक्षण के बाद उन्हें पुनः संचालन में लाने के निर्देश दिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध हो सके और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी बन सकें।
बैठक में डीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय डॉ. परवेज सिद्दीकी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. विनोद नावकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पंकज दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं रोगी कल्याण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

