वाराणसी: सावन के पवित्र महीने के पहले दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचे। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री करीब 20 मिनट तक मंदिर परिसर में मौजूद रहे।
मंदिर के अर्चकों ने सीएम योगी से विशेष पूजन कराया। इसके बाद उन्होंने सावन को लेकर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा पर जोर
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि सावन के दौरान ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री गाजीपुर के लिए रवाना हो गए।
ये भी पढ़े
राज्यसभा में आज पेपर लीक बिल पर चर्चा, विपक्ष करेगा सरकार का घेराव
काल भैरव के दर्शन के बाद बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक
सीएम योगी सुबह करीब साढ़े 8 बजे काशी पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने काल भैरव मंदिर में दर्शन किए और आरती में शामिल हुए। इसके बाद वह काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और भस्म अर्पित की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने काशी की गलियों का भी दौरा किया। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से व्यवस्थाओं को लेकर बातचीत की और पूछा कि किसी तरह की कोई परेशानी तो नहीं है। एक दुकान पर मौजूद बच्चे को उन्होंने दुलारा और चॉकलेट भी दी।
सावन के पहले दिन मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सावन के पहले दिन गुरुवार सुबह से ही वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर समेत प्रदेश के प्रमुख शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा का फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया। मंगला आरती के बाद से अब तक हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं।
सावन में VIP दर्शन पर रोक जारी रहेगी
काशी विश्वनाथ मंदिर में इस बार भी सावन महीने के दौरान VIP दर्शन व्यवस्था पर रोक रहेगी। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारू दर्शन व्यवस्था को प्राथमिकता देने का फैसला किया है।
सड़कों पर दिखने लगा कांवड़ियों का रेला
सावन शुरू होते ही उत्तर प्रदेश की सड़कों और हाईवे पर कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। जगह-जगह कांवड़ियों के जत्थे नजर आ रहे हैं।मुजफ्फरनगर में एक कांवड़िया 500 रुपये के नोटों से सजी कांवड़ लेकर पहुंचा, जो आकर्षण का केंद्र बनी रही।
वहीं, बरेली में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर अहम बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें डीजीपी राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव एसपी गोयल और 9 जिलों के जिलाधिकारी शामिल हुए। बैठक में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की जा रही है।

