नई दिल्ली: देश में E20 पेट्रोल को लेकर चल रही बहस के बीच अब 100-ऑक्टेन प्रीमियम पेट्रोल की मांग में तेजी देखने को मिल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल के महीनों में इसकी बिक्री दोगुनी से ज्यादा बढ़ गई है।
एथेनॉल मिश्रित ईंधन E20 को लेकर कुछ वाहन मालिकों में गाड़ियों की परफॉर्मेंस और इंजन पर असर को लेकर चिंताएं सामने आई हैं। इसी के चलते कई ग्राहक शुद्ध पेट्रोल यानी 100-ऑक्टेन फ्यूल की ओर रुख कर रहे हैं।
देश के 1% से भी कम पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध
100-ऑक्टेन पेट्रोल की कीमत सामान्य पेट्रोल की तुलना में काफी ज्यादा है, जिसके कारण अब तक इसकी मांग सीमित रही है। देश में 100-ऑक्टेन प्रीमियम पेट्रोल की सुविधा 1% से भी कम पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध है। इनमें से ज्यादातर पेट्रोल पंप बड़े शहरों में स्थित हैं।
ये भी पढ़े
ICC Rankings में भारत का जलवा! देखें किसे मिली कौन-सी रैंक
तेल कंपनियां अलग-अलग नामों से बेचती हैं 100-ऑक्टेन पेट्रोल
देश की सरकारी तेल कंपनियां अपने अलग-अलग ब्रांड नामों से 100-ऑक्टेन पेट्रोल बेचती हैं। इनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का XP100, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) का Speed100 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) का Power100 शामिल हैं।
E20 पेट्रोल पर जारी है बहस
बता दें कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने के लक्ष्य को बढ़ावा दिया है। E20 पेट्रोल को पर्यावरण के लिहाज से बेहतर और आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने की दिशा में अहम कदम बताया जा रहा है।
हालांकि, कुछ वाहन मालिकों और विशेषज्ञों ने पुराने वाहनों में E20 ईंधन के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए हैं। इसी बहस के बीच 100-ऑक्टेन पेट्रोल की मांग में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
100-ऑक्टेन पेट्रोल क्यों है खास?
100-ऑक्टेन पेट्रोल को हाई परफॉर्मेंस फ्यूल माना जाता है। यह खासतौर पर उन वाहनों के लिए उपयोग किया जाता है, जिनके इंजन को अधिक ऑक्टेन रेटिंग वाले ईंधन की जरूरत होती है।
फिलहाल इसकी कीमत ज्यादा होने और सीमित उपलब्धता के कारण इसका इस्तेमाल चुनिंदा ग्राहक ही करते हैं।

