मुंबई: सावन के पावन महीने की शुरुआत पर अभिनेत्री भूमि पेडनेकर भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचीं। हालांकि, उनकी पूजा से ज्यादा चर्चा उनके काला चश्मा (सनग्लासेज) पहनकर शिवलिंग पर जल अर्पित करने को लेकर हो रही है। मंदिर से साझा किए गए वीडियो और तस्वीरों के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स के बीच इस विषय पर बहस छिड़ गई।
मंदिर से शेयर किया वीडियो, लिखा- ‘हर हर महादेव’
भूमि पेडनेकर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मंदिर में पूजा-अर्चना का वीडियो और कुछ तस्वीरें साझा कीं। वीडियो में वह ब्लैक टॉप, ब्लू डेनिम और काले सनग्लासेज पहने शिवलिंग पर जल अर्पित करती नजर आ रही हैं। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा,
“सावन की शुरुआत के साथ, मैं आसान जीवन की नहीं, बल्कि इसे सम्मान के साथ जीने की ताकत मांगती हूं। हर हर महादेव।”
यह भी पढ़ें-
रामायणम ट्रेलर से गायब रहे सनी देओल, हनुमान की झलक क्यों नहीं दिखाई गई?
सनग्लासेज पहनकर पूजा करने पर यूजर्स ने जताई नाराजगी
वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने भूमि की आस्था की सराहना की, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों ने पूजा के दौरान सनग्लासेज पहनने पर सवाल भी उठाए। पहले यूजर ने कहा – ‘कम से कम पूजा करते वक्त चश्मा तो उतार लेतीं।’ तो दूसरे यूजर ने कहा – ‘भगवान के सामने सनग्लासेज पहनना सही नहीं लगा’। वहीं किसी ने कहा – ‘मंदिर की मर्यादा का भी ध्यान रखना चाहिए।’
सोशल मीडिया पर बंटी राय
जहां एक वर्ग ने भूमि के पहनावे और पूजा के तरीके पर आपत्ति जताई, वहीं कई लोगों ने उनका समर्थन भी किया। समर्थकों का कहना है कि किसी की आस्था का मूल्यांकन उसके कपड़ों या स्टाइल से नहीं किया जाना चाहिए। फिलहाल, भूमि पेडनेकर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

