खरगोन: मध्य प्रदेश के पश्चिम निमाड़ क्षेत्र में लगातार 36 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। खरगोन और बड़वानी जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई सड़कें और पुल जलमग्न हो गए हैं, जबकि पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। इसी बीच उफनते रपटे को पार करते समय दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवक बह गए, जिनमें से एक अब भी लापता है।
उफनते रपटे में बहा युवक, तलाश जारी
सबसे गंभीर घटना खरगोन जिले के ऊन थाना क्षेत्र के गंधावड़ गांव के पास हुई। यहां 19 वर्षीय विनय वास्कले गुरुवार रात तेज बहाव में बह गया। जानकारी के मुताबिक, विनय अपने दोस्त विषु के साथ इंदौर में कॉलेज में प्रवेश लेने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में उफनते रपटे को पार करते समय उनकी बाइक पानी के तेज बहाव में फंस गई। विषु ने पेड़ की डाल पकड़कर अपनी जान बचा ली, लेकिन विनय बह गया।
ये भी पढ़े
गुजरात में बारिश का कहर, सूरत में 24 इंच वर्षा; कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
पुलिस, SDRF और स्थानीय ग्रामीणों की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी है। हालांकि देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर उसकी बाइक बरामद हुई है।
खरगोन में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में खरगोन जिले में भारी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक गोगावां में 190 मिमी (करीब 8 इंच) बारिश हुई, जो पूरे मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा रही। वहीं खरगोन शहर में 106 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बड़वाह, सेगांव, भगवानपुरा और भीकनगांव क्षेत्रों में भी तेज बारिश हुई। इस मानसून सीजन में जिले में अब तक 3,965 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है।
कुंदा नदी में पहली बाढ़, पेयजल संकट
लगातार बारिश के कारण कुंदा नदी में इस सीजन की पहली बाढ़ आ गई है। श्मशान घाट के पास बना रपटा पानी में डूबने के बाद प्रशासन ने रास्ता बंद कर दिया। बैराज के इंटेक वेल में पानी भरने से पंप बंद करने पड़े, जिससे खरगोन शहर के लगभग आधे हिस्से की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
जलभराव से जनजीवन प्रभावित
भारी बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। नगर पालिका कार्यालय के सामने और खंडवा-वडोदरा राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई स्थानों पर पानी भर गया। बारिश और जलभराव के विरोध में यूथ कांग्रेस नेता सिद्धार्थ वर्मा पानी से भरी सड़क पर वाहन की ट्यूब में बैठकर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए। वहीं कलेक्टर और एसपी आवास के पास एक बड़ा पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और रपटों को पार न करने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

