गुजरात: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर तेज हो गया है। गुजरात में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के चलते प्रमुख नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए कई राज्यों में रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।
गुजरात में सबसे ज्यादा असर
गुजरात में सबसे अधिक बारिश सूरत में दर्ज की गई, जहां 24 इंच वर्षा रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा राज्य के 12 से अधिक क्षेत्रों में 10 इंच से ज्यादा बारिश हुई है। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, सड़कें डूबने और जनजीवन प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं।
उत्तर प्रदेश में नदियां उफान पर
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। गंगा, घाघरा, सरयू समेत 10 नदियां खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं। बलिया जिले में सरयू नदी के तेज कटाव के कारण एक ही दिन में 9 मकान नदी में समा गए, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
इन राज्यों के लिए जारी हुआ अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने गुजरात और केरल के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
इसके अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, बिहार सहित कुल 12 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है तथा लोगों से स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

