Friday, November 13, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending news"सिंधिया जी तक पहुंचे मेरी आवाज..." ग्वालियर युवक ने छोड़ा पांच...

“सिंधिया जी तक पहुंचे मेरी आवाज…” ग्वालियर युवक ने छोड़ा पांच पन्नों का सुसाइड नोट

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक युवक की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक की पहचान जसपाल सिंह यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस को मौके से पांच पन्नों का एक कथित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें युवक ने कुछ लोगों पर लोन दिलाने के नाम पर 23 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। नोट में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से न्याय दिलाने की अपील भी की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट को जांच के लिए जब्त कर पूरे मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

3.45 करोड़ के लोन का दिया गया था भरोसा

कथित सुसाइड नोट के अनुसार, आरोपियों ने जसपाल सिंह यादव को भरोसा दिलाया था कि उनकी करीब 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन पर 3.45 करोड़ रुपये का बैंक लोन स्वीकृत हो चुका है। भरोसा दिलाने के लिए कथित बैंक स्वीकृति पत्र भी दिखाया गया। इसके बाद लोन प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर उनसे अलग-अलग किस्तों में 23 लाख रुपये ले लिए गए। युवक का आरोप है कि फरवरी 2025 से जुलाई 2026 तक उसे लगातार आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन न तो लोन मिला और न ही उसकी रकम लौटाई गई।

सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप

पांच पन्नों के कथित सुसाइड नोट में युवक ने तीन लोगों के नाम लिखते हुए उन पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। नोट में यह भी दावा किया गया है कि आरोपियों ने कई अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है। युवक ने लिखा कि उसने पैसे जुटाने के लिए अपनी गाड़ी, जेवर और अन्य संपत्ति गिरवी रखी थी। आर्थिक दबाव और लगातार बढ़ते कर्ज ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें-

विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए सज रही राजधानी भोपाल

सिंधिया से की न्याय दिलाने की अपील

कथित सुसाइड नोट में जसपाल सिंह यादव ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मामले में हस्तक्षेप कर परिवार को न्याय दिलाने की अपील की है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की आर्थिक मदद की भी मांग की।

5 पन्नों के सुसाइड नोट में क्या लिखा…

मैं, जसपाल सिंह यादव, अपने पूरे होश-हवास में यह लिख रहा हूं कि मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं। मेरी हत्या के जिम्मेदार आशीष गुप्ता, डबरा निवासी रवि जाटव और मुख्य आरोपी टेकनपुर निवासी रवि कुमार हैं। इन लोगों ने मुझे लोन करवाने के लिए मुझसे 23 लाख रुपए लिए थे। कहा कि मेरी 1.5 करोड़ रुपए की जमीन पर 3.45 करोड़ रुपए का लोन स्वीकृत हो गया है। उन्होंने मुझे पिरामल बैंक का सैंक्शन लेटर दिखाकर धोखे से रुपए ले लिए।

रवि कुमार ने फरवरी 2025 से जुलाई 2026 तक मेरा कोई काम नहीं कराया और यह भाग गया। इसने काफी लोगों के साथ ऐसा किया है। यह मुझे कुलैथपुरा गांव में मिला, जहां इसके जीजा ने इसे पनाह दी थी।

जब मैं वहां पहुंचा तो पंचायत लगवाकर झूठा आश्वासन दिया और वापस भेज दिया। उसने 30 जुलाई को रुपए वापस देने का कहा था। इसके बाद वह 30 जुलाई को गोहद स्थित कुछवा गुर्जर गांव भाग गया। पता चला कि वह इस गांव में उसका जीजा छोटू सरपंच रहता है। उसने इसे अपने पास रखा है।

जब हम उसे लेने गए तो पंचनामा बनाकर देने का कहा। लेकिन, फिर वह पलट गया। कल्याणीपुरा और कुथवा गुर्जर गांव में इसके दोनों जीजा रहते हैं। ये भी इतने ही दोषी हैं।

जो 23 लाख रुपए मैंने इन्हें दिए हैं, उसका मैंने 20 प्रतिशत के हिसाब से ब्याज भरा है। 23 लाख रुपए के मैंने 35 लाख रुपए भुगते हैं। मैं अपनी जिंदगी खत्म कर रहा हूं और रवि पर जो मेरे रुपए हैं, वे मेरे मरने के बाद मेरे पिताजी को दिलवाए जाएं।

मेरी आत्महत्या की वजह ये सभी लोग हैं। इन लोगों पर उचित कार्रवाई की जाए। इसने लल्ला बलराम से भी 9.80 लाख रुपए लेकर धोखा किया है।

मैं जीना चाहता था, लेकिन मेरी जिंदगी रवि कुमार ने बर्बाद कर दी। ये रुपए मैंने उसे अपनी बुलेट, सोना, सफारी और कार गिरवी रखकर 20 प्रतिशत के ब्याज पर दिए थे। इसकी वजह से सब डूब गए।

मैं ग्वालियर का निवासी हूं और राजा ज्योतिरादित्य सिंधिया जी तक मेरी मौत का यह पत्र जरूर जाए। इसके पूरे परिवार के लोग धोखेबाज हैं। अतः मेरी विनती है कि मेरे रुपए मेरे पिताजी को दिलवाए जाएं और रवि कुमार को आजीवन कारावास होना चाहिए, ताकि कोई और परिवार अपना बच्चा न खोए, जैसे मेरे परिवार ने मुझे खो दिया है।

सिंधिया जी, जब आप यह पत्र पढ़ेंगे, मैं दुनिया से जा चुका होऊंगा। मेरा निवेदन है कि इसको आजीवन कारावास दिया जाए। मैं मरना नहीं चाहता था, लेकिन इस रवि की वजह से मुझे आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

पुलिस के मुताबिक, सुसाइड नोट की सत्यता की जांच की जा रही है। उसमें दर्ज नाम, मोबाइल नंबर और अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही कथित ठगी के आरोपों की भी अलग से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन