भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल एक बार फिर बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार हो रही है। 5 अगस्त से शुरू होने वाले ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन-2026 को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। चार दिन तक चलने वाले इस आयोजन में ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्री और प्रतिनिधि शामिल होंगे। विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए भोपाल को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) की तर्ज पर सजाया जा रहा है। शहर की प्रमुख सड़कों, चौराहों और ऐतिहासिक स्थलों को आकर्षक रूप दिया जा रहा है।
VIP रोड और भोज सेतु पर दिखेगी मध्य प्रदेश की संस्कृति
सम्मेलन को देखते हुए VIP रोड, भोज सेतु और मिंटो हॉल तक के रास्ते का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। भोज सेतु के दोनों ओर मध्य प्रदेश की कला, संस्कृति और परंपराओं को दर्शाती पेंटिंग बनाई जा रही हैं। इन चित्रों में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक पहचान और लोक परंपराओं की झलक दिखाई जाएगी। इसके अलावा एयरपोर्ट रोड, गांधी नगर, VIP रोड, भोज सेतु, पॉलीटेक्निक चौराहा और पं. कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) तक डिवाइडरों को भी रंग-रोगन कर सजाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें-
दतिया उपचुनाव: 15 राउंड में होगी मतगणना
‘सर्वे भवंतु सुखिनः’ की थीम पर होगा आयोजन
बता दें ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन-2026 की थीम भारतीय संस्कृति की समरसता और विश्व कल्याण की भावना पर आधारित है। आयोजन में ‘सर्वे भवंतु सुखिनः’ के संदेश के साथ विभिन्न देशों की सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में ब्राजील, इथियोपिया, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), दक्षिण अफ्रीका, क्यूबा, थाईलैंड और बेलारूस समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
कई देशों के संस्कृति मंत्री और प्रतिनिधि होंगे शामिल
सम्मेलन में अलग-अलग देशों के संस्कृति मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेंगे। विदेशी मेहमानों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और स्वागत तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
भोपाल बनेगा वैश्विक सांस्कृतिक मंच
ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन के जरिए भोपाल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक पहचान दिलाने की तैयारी है। प्रशासन का उद्देश्य है कि विदेशी मेहमानों को मध्य प्रदेश की कला, परंपरा और आतिथ्य का अनुभव कराया जाए।

