Wednesday, August 5, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsCM मोहन यादव का छात्राओं से संवाद: बोले- आज का विद्यार्थी ही...

CM मोहन यादव का छात्राओं से संवाद: बोले- आज का विद्यार्थी ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल के टी.टी. नगर स्थित कमला नेहरू सांदीपनि शासकीय कन्या विद्यालय में छात्राओं और शिक्षकों के साथ आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि “आज का विद्यार्थी ही कल का भारत है और विकसित भारत का सपना युवाओं की मेहनत से ही साकार होगा।”

सफलता का दिया मंत्र

मुख्यमंत्री ने छात्राओं से कहा कि जीवन में बड़ा लक्ष्य तय करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन से मेहनत करें। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

स्कूल का किया निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय की स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी, विज्ञान प्रयोगशाला, संगीत कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। छात्राओं ने पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सांदीपनि विद्यालय प्रदेश की नई शिक्षा व्यवस्था की पहचान बन रहे हैं।

AI पर दी खास सलाह

संवाद के दौरान एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या वे ChatGPT का उपयोग करते हैं? इस पर उन्होंने कहा कि वे नए विषयों और जानकारी के लिए AI टूल्स का उपयोग करते हैं, लेकिन किसी भी जानकारी पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहते। उन्होंने छात्राओं से कहा –

“AI का उपयोग जरूर करें, लेकिन अपनी समझ और सोच को हमेशा प्राथमिकता दें। किसी भी जानकारी को स्वीकार करने से पहले उसे क्रॉस-चेक करना बेहद जरूरी है।”

सोशल मीडिया और पढ़ाई पर भी की चर्चा

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया का उपयोग आवश्यक है और वे भी विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने छात्राओं को पाठ्यक्रम के साथ सामान्य ज्ञान, व्यक्तित्व विकास और जीवन मूल्यों से जुड़ी पुस्तकों का अध्ययन करने की सलाह दी।

शिक्षकों से भी किया संवाद

मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए शिक्षकों से भी चर्चा की और कहा कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार, नवाचार और आत्मनिर्भरता के लिए भी तैयार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत कड़ी हैं और उनके मार्गदर्शन से ही विकसित मध्यप्रदेश और विकसित भारत का सपना पूरा होगा।

विकसित मध्यप्रदेश का दिलाया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने छात्राओं को विकसित मध्यप्रदेश और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यही युवा देश की दिशा और भविष्य तय करेंगे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 26 July to 1 August 2026
Bhopal – 19 to 25 july 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन