नई दिल्ली: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने बड़ा खुलासा किया है। जांच एजेंसी ने दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल 94 पेज की चार्जशीट में दावा किया है कि पेपर लीक कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि इसकी तैयारी कई महीने पहले शुरू हो गई थी।
CBI के मुताबिक, पेपर लीक की इस कथित साजिश में NTA के एक्सपर्ट्स, बिचौलिए, कोचिंग नेटवर्क और कुछ छात्रों की भूमिका सामने आई है। चार्जशीट में कुल 13 आरोपियों के नाम शामिल किए गए हैं।
पेपर तैयार करने के दौरान सवाल याद करने का दावा
CBI ने चार्जशीट में बताया है कि NTA के कुछ एक्सपर्ट्स पेपर तैयार करने और मॉडरेशन की प्रक्रिया के दौरान सवाल याद कर लेते थे। इसके बाद होटल लौटकर उन्हें कागज की पर्चियों पर लिखते थे। जांच एजेंसी के अनुसार, इन सवालों को आगे बिचौलियों और कोचिंग नेटवर्क के जरिए छात्रों तक पहुंचाया जाता था। CBI ने दावा किया है कि इस तरीके से डिजिटल सबूत छोड़ने से बचने की कोशिश की गई।
ये भी पढ़े
झारखंड भर्ती विवाद: राहुल गांधी ने छात्रों को दिया मदद का भरोसा
तीन NTA एक्सपर्ट्स पर गंभीर आरोप
चार्जशीट में बॉटनी एक्सपर्ट मनीषा गुरुनाथ मंधारे, केमिस्ट्री एक्सपर्ट प्रह्लाद विठ्ठलराव कुलकर्णी और फिजिक्स एक्सपर्ट मनीषा संजय हवलदार को मुख्य आरोपी बताया गया है। CBI का आरोप है कि इन लोगों ने पेपर तैयार करने और मॉडरेशन प्रक्रिया के दौरान अपने पद का दुरुपयोग किया।
WhatsApp, Telegram और PDF से फैला नेटवर्क
CBI के मुताबिक, जांच के दौरान मिले WhatsApp चैट, Telegram मैसेज, पेपर की PDF, फोटो और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की फोरेंसिक जांच से कथित नेटवर्क का खुलासा हुआ। एजेंसी ने बताया कि पेपर सीधे छात्रों तक नहीं पहुंचता था, बल्कि कई स्तरों से गुजरने के बाद छात्रों तक पहुंचाया जाता था। तलाशी के दौरान लीक सवालों से जुड़ी हाथ से लिखी कॉपियां भी बरामद होने का दावा किया गया है।
कोचिंग संचालक और अन्य लोग भी आरोपी
CBI ने चार्जशीट में कुछ कोचिंग संचालकों और अन्य लोगों को भी साजिश का हिस्सा बताया है। इन लोगों ने NTA एक्सपर्ट्स और छात्रों के बीच संपर्क बनाने में भूमिका निभाई। CBI का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क का उद्देश्य आर्थिक लाभ कमाना और कुछ छात्रों को अनुचित फायदा पहुंचाना था।
13 आरोपियों के बैंक खाते और लॉकर फ्रीज
जांच एजेंसी ने आरोपियों के बैंक खाते, बैंक लॉकर और एक डीमैट अकाउंट को भी फ्रीज किया है। CBI का दावा है कि पैसों के लेन-देन से जुड़े कई अहम सबूत जांच में सामने आए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत कार्रवाई की गई है।
NEET पेपर लीक मामले में CBI की चार्जशीट के बाद अब आरोपियों के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

