रांची: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मदद का भरोसा दिया है। छात्र नेता रविंद्र पासवान के मुताबिक, गुरुवार देर शाम राहुल गांधी से फोन पर करीब 10 मिनट बातचीत हुई। इस दौरान छात्रों ने अपनी मांगों और आंदोलन की मौजूदा स्थिति की जानकारी उन्हें दी।
राहुल गांधी ने मांगी,मांगों की पूरी जानकारी
छात्र नेता के अनुसार, राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों से उनकी मांगों का विस्तृत ब्यौरा भेजने को कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह छात्रों की समस्याओं को राज्य सरकार के सामने उठाएंगे। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी इस मुद्दे पर बातचीत करने की बात कही गई।
ये भी पढ़े
भावना कंठ ने FCL कोर्स पूरा कर रचा इतिहास,बनीं पहली महिला फाइटर पायलट
14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने की मांग
आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) सिविल सेवा परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग भी उठाई जा रही है।
छात्रों का कहना है कि, जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराई जाए या फिर झारखंड से बाहर के हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की कमेटी बनाकर मामले की जांच कराई जाए। इसके अलावा JPSC और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार की मांग भी आंदोलन का प्रमुख हिस्सा है।
छात्रों ने कांग्रेस से मांगा स्पष्ट रुख
छात्र नेता रविंद्र पासवान ने बताया कि, बातचीत के दौरान उन्होंने राहुल गांधी को भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं और कथित ‘परीक्षा माफिया’ के मुद्दे से अवगत कराया। छात्रों की ओर से यह भी कहा गया कि झारखंड में कांग्रेस सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है, ऐसे में पार्टी को इस मामले पर अपना स्पष्ट रुख सामने रखना चाहिए।
यह बातचीत रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा के फोन के जरिए कराई गई थी। छात्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने उनकी बात सुनी और उनकी मांगों को लेकर सहयोग का आश्वासन दिया।
BJP ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
राहुल गांधी की छात्रों से बातचीत पर भाजपा ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस वास्तव में छात्रों की समस्या का समाधान चाहती है तो गठबंधन सरकार में शामिल उसके मंत्री प्रदर्शन स्थल पर क्यों नहीं पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार में प्रभाव रखने के बावजूद छात्रों से सीधे संवाद की पहल नहीं की गई।
सरकार से बातचीत के लिए 11 सदस्यीय टीम तैयार
आंदोलन कर रहे छात्रों और नौकरी के अभ्यर्थियों ने सरकार के साथ बातचीत का रास्ता खोलने के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बनाया है। JPSC-JSSC सुधार मंच के बैनर तले चल रहा यह आंदोलन भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुधार की मांग को लेकर लगातार जारी है।
अब छात्रों की सरकार के साथ प्रस्तावित बातचीत और राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद इस आंदोलन को लेकर आगे की दिशा पर नजर रहेगी।

