भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार अभी भी असमान बनी हुई है। जहां दतिया में शुक्रवार सुबह महज चार घंटे के भीतर 40 मिमी (1.57 इंच) बारिश दर्ज की गई, वहीं प्रदेश के 48 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश होने के कारण सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। बारिश की कमी का सीधा असर खेती पर पड़ रहा है और किसान फसलों को बचाने की जद्दोजहद कर रहे हैं।
दतिया में लगातार हुई तेज बारिश से निचले इलाकों में जलभराव हो गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया। वहीं भांडेर और सेवढ़ा ब्लॉक में कक्षा 8वीं से ऊपर के स्कूलों के संचालन का निर्णय स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार संस्था प्रमुखों पर छोड़ा गया है।
ये भी पढ़े
पटना में सड़क हादसे के बाद बवाल, गुस्साई भीड़ ने 10 वाहनों में लगाई आग
रायसेन में भी सुबह तेज बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी भर गया। जिले में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक 18.01 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। बेगमगंज में सबसे अधिक 22.91 इंच और सिलवानी में सबसे कम 14.32 इंच बारिश हुई है।
सीधी जिले के भंवरसेन घाट में तेज बारिश के कारण सोन नदी के पुल पर पानी चढ़ गया, जिससे करीब 40 गांवों का मुख्यालय से संपर्क टूट गया। पहाड़ी से मिट्टी और पत्थर सड़क पर गिरने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
इसके अलावा खरगोन, सतना, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा और अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हालांकि प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश की कमी अब भी चिंता का विषय बनी हुई है।
सूखे से फसलों को नुकसान
मध्य प्रदेश के 55 में से 48 जिलों में औसत से 46 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। जबलपुर में धान के खेतों में दरारें पड़ चुकी हैं, जबकि उज्जैन संभाग में सोयाबीन की फसल पर इल्ली का प्रकोप बढ़ गया है। किसान कर्ज लेकर बोई गई फसलों के खराब होने से परेशान हैं।
जबलपुर के पाटन क्षेत्र की किसान संगीता ने बताया कि पर्याप्त बारिश नहीं होने से धान की फसल सूखने लगी है और अब उत्पादन को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों के दौरान पूर्वी और मध्य मध्य प्रदेश के कई जिलों में फिर से तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इससे जलस्तर में सुधार होने के साथ किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
अब तक कितना कम बरसा मानसून?
प्रदेश में अब तक औसतन 16.3 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस समय तक लगभग 20.5 इंच बारिश हो जानी चाहिए थी। यानी मध्य प्रदेश में अब तक करीब 19 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जून और जुलाई में मानसून के कई बार कमजोर पड़ने की वजह से यह स्थिति बनी है।

