विदिशा: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार को विदिशा में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। शुरुआत में खेल स्टेडियम से तिरंगा साइकिल रैली प्रस्तावित थी, लेकिन साइकिल लेकर पहुंचने वालों की संख्या कम होने के कारण रैली का स्वरूप बदलकर पैदल तिरंगा मार्च कर दिया गया।
विदिशा विधायक मुकेश टंडन ने खेल स्टेडियम से पैदल तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में शहरवासी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। देशभक्ति गीतों के बीच लोगों में उत्साह देखने को मिला।
ये भी पढ़े
भोपाल में बारिश के बीच निकली तिरंगा यात्रा, CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ
प्रमुख मार्गों से होते हुए नीमताल पहुंची रैली
तिरंगा यात्रा खेल स्टेडियम से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नीमताल पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान पूरे रास्ते देशभक्ति का माहौल नजर आया। समापन स्थल पर विधायक मुकेश टंडन ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
9 से 17 अगस्त तक होंगे कार्यक्रम
विधायक मुकेश टंडन ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व की शुरुआत हो चुकी है और 9 से 17 अगस्त तक शहर में देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को रामलीला से माधवगंज चौराहे तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से इन आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने की अपील की।
कम संख्या में पहुंचे साइकिल सवार
खेल अधिकारी प्रदीप रावत ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शहर में कई देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार को साइकिल रैली प्रस्तावित थी, लेकिन साइकिल सवारों की संख्या कम होने के कारण इसे पैदल मार्च में बदल दिया गया, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसमें शामिल हो सकें।

