भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 9 अगस्त की सुबह देशभक्ति के रंग में नजर आई। टीटी नगर स्टेडियम से सैकड़ों युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। बारिश के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। उन्होंने मंच से तिरंगा लहराकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें आजीवन देशसेवा एवं राष्ट्रहित के लिए काम करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी शुभारंभ किया।
ये भी पढ़े
MP में शुरू होंगी 4 नई सीधी फ्लाइट: CM मोहन यादव आज करेंगे शुभारंभ
CM बोले- देशभक्ति के संकल्प के साथ आगे बढ़ें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में देशभक्ति का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर में एक साथ तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं और लोग राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने बारिश के बीच यात्रा में शामिल युवाओं के उत्साह का जिक्र करते हुए कहा कि आज प्रकृति भी देशभक्तों और वीरों का स्वागत करती नजर आ रही है।
9 अगस्त 1942 के आंदोलन को किया याद
तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री ने 9 अगस्त 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन को याद किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। CM ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के लंबे संघर्ष, बलिदान और आंदोलनों के परिणामस्वरूप देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए दिए गए बलिदानों को हमेशा याद रखना चाहिए।
शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि देशवासियों को स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के योगदान को याद करते हुए अपने उत्तरदायित्व का पालन करना चाहिए। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना के साथ आगे बढ़ने और भारत को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवा, बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं देशसेवा का संकल्प लें और आजीवन राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित हों।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देशभर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए लोगों में राष्ट्रभक्ति और देशसेवा की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

