भोपाल: मध्यप्रदेश की अंतरराष्ट्रीय फेंसिंग खिलाड़ी खुशी दाभाडे ने एक बार फिर प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। भोपाल स्थित मध्यप्रदेश राज्य फेंसिंग अकादमी की खिलाड़ी खुशी का चयन सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है।
प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 14 अगस्त तक नाइजीरिया में किया जा रहा है। खुशी दाभाडे वुमेंस एपी स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वह भारतीय टीम के साथ नाइजीरिया पहुंच चुकी हैं।
ये भी पढ़े
श्रीलंका टेस्ट से पहले पडिक्कल का शतक, वॉर्मअप मैच में मचाया धमाल
पहले भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कर चुकी हैं भारत का प्रतिनिधित्व
खुशी दाभाडे इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वर्ष 2021 में रूस के कज़ान में आयोजित एफआईई सीनियर एपी वर्ल्ड कप और मिस्र के काहिरा में आयोजित एफआईई एपी ग्रां प्री 2021-22 में वह भारतीय टीम का हिस्सा रही थीं। इसके अलावा 2022 में दक्षिण कोरिया के सियोल में आयोजित सीनियर एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप में भी उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
इस साल वर्ल्ड कप में भी चुनी गई थीं
खुशी का चयन इसी वर्ष सीनियर वुमेंस एपी वर्ल्ड कप के लिए भी भारतीय टीम की चार खिलाड़ियों में हुआ था। फ्रांस के सेंट-मॉर-दे-फोसे में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने भारत की ओर से हिस्सा लिया। लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के चलते अब उन्हें सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है।
मंत्री विश्वास सारंग ने दी बधाई
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खुशी दाभाडे के भारतीय टीम में चयन पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की बेटी का अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खुशी नाइजीरिया में अपने प्रदर्शन से देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
पदक पर रहेंगी नजरें
सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में भारतीय टीम की ओर से उतर रहीं खुशी दाभाडे से वुमेंस एपी स्पर्धा में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। अब उनकी नजरें नाइजीरिया में भारत के लिए पदक जीतने पर रहेंगी।

