धार: धार-उज्जैन फोरलेन पर पंचकवासा के पास रविवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रॉला की सामने से आ रही ईको वैन से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में वडोदरा (गुजरात) के छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
महाकाल दर्शन के बाद गुजरात लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, सभी युवक उज्जैन में महाकाल मंदिर के दर्शन करने के बाद मारुति ईको वैन (GJ 17 CK 6134) से गुजरात लौट रहे थे। बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास सामने से आ रहा लोहे के सामान से भरा ट्रॉला (GJ 39 DB 9248) अचानक रॉन्ग साइड में आ गया। ट्रॉला की रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ईको वैन से सीधी टक्कर हो गई।
ये भी पढ़ें
टक्कर में ईको वैन के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। दुर्घटना के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाले शव
हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर थाना पुलिस के साथ टीआई अमित सिंह कुशवाह, तहसीलदार सुरेश नागर और एसडीएम प्रियंका मिमरोद मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने ईको वैन का कांच तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायल युवक को एंबुलेंस से बदनावर सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
परिजनों को दी हादसे की सूचना
पुलिस ने मृतकों की पहचान कर गुजरात में उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। वहीं, फरार ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सामान्य कराया।

