Saturday, November 14, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsजेलों में सुधार और पुनर्वास को नई दिशा: जेल महानिदेशक डॉ. वरुण...

जेलों में सुधार और पुनर्वास को नई दिशा: जेल महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर ने केंद्रीय जेल बड़वानी का किया निरीक्षण

भोपाल: मप्र में जेलों को सुरक्षित, संवेदनशील और सुधारात्मक संस्थानों के रूप में विकसित करने की दिशा में जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग लगातार नए प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में जेल महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर ने केंद्रीय जेल बड़वानी का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल की सुरक्षा व्यवस्था के साथ बंदियों के पुनर्वास, शिक्षा, कौशल विकास, जेल उद्योग और कल्याणकारी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की।

सुरक्षा व्यवस्था और जेल उद्योगों का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जेल महानिदेशक ने बैरकों, पाकशाला, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रीय जेल में संचालित विभिन्न जेल उद्योगों की कार्यप्रणाली और उनमें बंदियों की भागीदारी की जानकारी ली।

डॉ. कपूर ने कहा कि जेल उद्योग बंदियों को कौशल प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने और उनके सफल पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने उद्योगों को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

महिला बंदियों से किया संवाद, बच्चों को दिए उपहार

महिला वार्ड के निरीक्षण के दौरान डॉ. वरुण कपूर ने महिला बंदियों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को उपहार भी प्रदान किए गए। इससे जेल प्रशासन की मानवीय और संवेदनशील कार्यशैली का संदेश सामने आया।

‘जेलवाणी’ से बंदियों को मिलेगा सकारात्मक माहौल

केंद्रीय जेल बड़वानी में स्थापित ‘जेलवाणी’ का शुभारंभ भी जेल महानिदेशक ने किया। उन्होंने स्वयं इसका संचालन कर इसकी कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।

डॉ. कपूर ने कहा कि ‘जेलवाणी’ के माध्यम से बंदियों को प्रेरणादायी विचारों, संगीत, श्रवण और गायन जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जा सकेगा। इससे बंदियों को मानसिक रूप से सकारात्मक रहने के साथ परिवार और समाज से भावनात्मक रूप से जुड़े रहने में मदद मिलेगी।

नवसज्जित स्कूल और पुस्तकालय का शुभारंभ

जेल महानिदेशक ने केंद्रीय जेल में नवसज्जित विद्यालय और पुस्तकालय का भी शुभारंभ किया। उन्होंने वहां उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया और बंदियों से संवाद कर उनके साक्षरता एवं शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली।
उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बंदियों को अध्ययन, आत्मविकास और रचनात्मक गतिविधियों से लगातार जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा बंदियों के पुनर्वास का सबसे प्रभावी माध्यम है और यह उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव बन सकती है।

बंदियों के आवेदनों के तत्काल निराकरण के निर्देश

डॉ. वरुण कपूर ने केंद्रीय जेल में संचालित सुधारात्मक गतिविधियों, जेल उद्योगों और अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने जेल प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए बंदियों द्वारा दिए गए मौखिक एवं लिखित आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन मामलों में जेल मुख्यालय के स्तर पर विचार आवश्यक है, उन्हें तत्काल मुख्यालय भेजा जाए, ताकि बंदियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सुश्री शेफाली तिवारी, जेल उप अधीक्षक महेश प्रसाद टिकारिया, जेल उप अधीक्षक श्रीमती कुसुमलता डावर, मेडिकल ऑफिसर डॉ. कल्याणसिंह बेनल, सहायक जेल अधीक्षक विनय काबरा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन