डिंडोरी: जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गाड़ासरई थाना क्षेत्र के नदिया टोला में बारिश के दौरान एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से 7 साल के मासूम राजा आर्मो की मौत हो गई, जबकि उसकी दादी मतिया बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका उपचार जारी है।
दादी के साथ सो रहा था मासूम
जानकारी के मुताबिक, नदिया टोला निवासी राजा आर्मो अपनी दादी मतिया बाई के साथ कच्चे मकान में सो रहा था। इसी दौरान बारिश के बीच अचानक मकान का हिस्सा भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से दोनों मलबे की चपेट में आ गए।
ये भी पढ़े
शिवपुरी में भारी बारिश के बाद महुअर नदी उफान पर, गांवों में बाढ़ जैसे हालात
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे दोनों को बाहर निकाला गया। हादसे में मासूम राजा आर्मो की मौत हो गई, जबकि उसकी दादी मतिया बाई को गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद गाड़ासरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा लगातार बारिश के बीच कच्चे मकान के ढहने से होना बताया जा रहा है।
मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, हादसे ने बारिश के दौरान कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

