कटनी: भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी मैसर्स रामचंद्र फर्म से करीब 1.5 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने कंपनी के सीनियर डायरेक्टर के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर अकाउंटेंट को व्हाट्सएप पर रकम ट्रांसफर करने का संदेश भेजा। वरिष्ठ अधिकारी के नंबर से मैसेज आने के कारण अकाउंटेंट को शक नहीं हुआ और उसने बताए गए बैंक खाते में 1.5 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बाद में सीनियर डायरेक्टर से संपर्क करने पर पता चला कि उन्होंने ऐसा कोई संदेश नहीं भेजा था। इसके बाद ठगी का खुलासा हुआ।
फ्लाइट से उतरते ही मिली ठगी की जानकारी
जानकारी के मुताबिक, साइबर ठगी की घटना बुधवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। उस समय संजय पाठक फ्लाइट में थे। शाम करीब 5 बजे फ्लाइट से उतरने के बाद उन्हें मामले की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से संपर्क किया और रंगनाथ नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
ये भी पढ़े
भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 275 किलो संदिग्ध पनीर जब्त
पुलिस ने अकाउंटेंट शैलेश तिवारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच साइबर टीम को सौंप दी है।
कोलकाता में निकाली गई रकम, 16 लाख सुरक्षित
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम कोलकाता में निकाली गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जिस बैंक खाते में पैसा ट्रांसफर किया गया था, उस पर तत्काल होल्ड लगवा दिया। कार्रवाई के दौरान करीब 16 लाख रुपये सुरक्षित कर लिए गए हैं। बाकी रकम के ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है।
डिजिटल ट्रेल से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश
एएसपी कमल मौर्य ने बताया कि शिकायत मिलते ही साइबर टीम ने संबंधित बैंक खाते को होल्ड कराया और तकनीकी जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंकिंग ट्रेल, मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

