नागोया: जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट मुकाबलों में भारत और पाकिस्तान के बीच मेडल मैच से पहले टक्कर नहीं होगी। टूर्नामेंट के ड्रॉ के मुताबिक दोनों टीमों को पुरुष और महिला वर्ग में अलग-अलग नॉकआउट पथ में रखा गया है। ऐसे में भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत केवल फाइनल या ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में ही संभव है।
एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में आयोजित होंगे, जबकि क्रिकेट प्रतियोगिता 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगी। सभी मुकाबले नागोया के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में टी20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे।
पुरुष वर्ग में अलग-अलग क्वार्टरफाइनल
पुरुष क्रिकेट में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को सीधे क्वार्टरफाइनल में जगह मिली है। बाकी टीमों को ग्रुप स्टेज के जरिए नॉकआउट दौर में पहुंचना होगा।
भारत को क्वार्टरफाइनल-2 और पाकिस्तान को क्वार्टरफाइनल-1 में रखा गया है। दोनों मुकाबले 28 सितंबर को होंगे। ड्रॉ के मुताबिक दोनों टीमें सेमीफाइनल में भी अलग-अलग पथ पर रहेंगी।
फाइनल या ब्रॉन्ज मैच में भिड़ सकते हैं
भारत और पाकिस्तान अगर अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतते हैं तो 3 अक्टूबर को फाइनल में आमने-सामने हो सकते हैं। वहीं दोनों के सेमीफाइनल हारने की स्थिति में ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला संभव है।
महिला क्रिकेट में भी यही स्थिति
महिला प्रतियोगिता में भी भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग नॉकआउट पथ में रखा गया है। भारत क्वार्टरफाइनल में जापान से खेलेगा, जबकि पाकिस्तान का सामना थाईलैंड से होगा। दोनों टीमें आगे बढ़ती हैं तो सेमीफाइनल में भी उनका सामना नहीं होगा।
महिला वर्ग के फाइनल और ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले 22 सितंबर को खेले जाएंगे।

