Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsMP TET 2026: डेढ़ लाख शिक्षकों की परीक्षा 12 अक्टूबर से, 21...

MP TET 2026: डेढ़ लाख शिक्षकों की परीक्षा 12 अक्टूबर से, 21 अगस्त से होंगे आवेदन

भोपाल: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मध्य प्रदेश में कार्यरत करीब डेढ़ लाख शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET 2026 की तारीख तय कर दी गई है। कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों के लिए परीक्षा की नियम पुस्तिका जारी कर दी है। इसके अनुसार संबंधित शिक्षकों को पात्रता परीक्षा पास करना अनिवार्य होगा।

ESB के मुताबिक TET 2026 की परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 21 अगस्त से शुरू होकर 4 सितंबर 2026 तक चलेगी। उम्मीदवार 21 अगस्त से 9 सितंबर तक अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे।

किसे देनी होगी TET परीक्षा?

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन में प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर कार्यरत संबंधित शिक्षकों के लिए पात्रता परीक्षा पास करना जरूरी किया गया है। खास तौर पर 1998 से 2009 के बीच नियुक्त शिक्षकों को परीक्षा में शामिल होना होगा।

प्राथमिक स्तर के सरकारी स्कूलों में कार्यरत पात्र शिक्षकों की विभिन्न श्रेणियां इसमें शामिल हैं। इनमें सहायक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, सहायक अध्यापक, संविदा शाला शिक्षक वर्ग-3, प्रयोगशाला सहायक, प्राथमिक शिक्षक विज्ञान सहित अन्य संबंधित श्रेणी के शिक्षक शामिल हैं।

पात्र शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक TET परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी।

परीक्षा शुल्क कितना होगा?

TET में शामिल होने वाले सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए प्रति प्रश्न-पत्र ₹1,000 परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन के दौरान पोर्टल या कियोस्क शुल्क भी देना होगा।

  • MP Online के माध्यम से आवेदन पर ₹60 पोर्टल शुल्क
  • रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर के माध्यम से आवेदन पर ₹20 शुल्क
  • पहली बार आवेदन संशोधन पर ₹20
  • अंतिम चरण में संशोधन पर ₹40

शिक्षक संगठनों ने फीस का किया विरोध

TET शुल्क को लेकर शिक्षक संगठनों ने विरोध जताया है। शासकीय शिक्षक संगठन मध्यप्रदेश ने वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों से परीक्षा शुल्क लिए जाने पर आपत्ति जताई है।

संगठन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र कौशल ने परीक्षा और आवेदन शुल्क माफ करने की मांग की है। इसके अलावा ऑनलाइन के बजाय ऑफलाइन परीक्षा, तैयारी के लिए विशेष अध्ययन अवकाश और ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाजनक परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।

प्राथमिक TET में 150 प्रश्न

प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में कुल 150 प्रश्न होंगे और परीक्षा 150 अंकों की होगी। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का रहेगा। परीक्षा की अवधि 2 घंटे 30 मिनट होगी। इसमें नकारात्मक अंक यानी Negative Marking नहीं होगी। गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे।

कितने अंक लाने होंगे?

नियम पुस्तिका के अनुसार प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। अन्य वर्ग के अभ्यर्थियों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए 60 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे।

माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में भी प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा की अवधि 2 घंटे 30 मिनट रहेगी और इसमें भी नकारात्मक मूल्यांकन का प्रावधान नहीं है।

एडमिट कार्ड और रिजल्ट ऑनलाइन

अभ्यर्थी कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट से अपना Test Admit Card (TAC) डाउनलोड कर सकेंगे। इसमें परीक्षा केंद्र, तारीख, समय और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध होगी।

परीक्षा का रिजल्ट भी कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर ऑनलाइन जारी किया जाएगा। इसके साथ विषयवार मॉडल आंसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

नकल या फर्जीवाड़े पर होगी कार्रवाई

परीक्षा केंद्र पर मोबाइल या प्रतिबंधित सामग्री रखना, नकल करना, बातचीत करना, परीक्षा कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करना, फर्जी पहचान का इस्तेमाल करना या किसी दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देना गंभीर अनियमितता मानी जाएगी।

ऐसे मामलों में अभ्यर्थी के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन