भोपाल: पश्चिम मध्य रेलवे के बीना स्टेशन यार्ड में तीसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए रीमॉडलिंग का काम चल रहा है। 14 अगस्त से 15 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस काम के कारण सितंबर और अक्टूबर में रेल यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे ने 16 ट्रेनें रद्द की हैं, जबकि 48 ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं। 12 ट्रेनों का प्रारंभ या समापन बीना के बजाय दूसरे स्टेशनों से किया जाएगा। यात्रियों को सफर से पहले अपनी ट्रेन का अपडेटेड शेड्यूल जांचने की सलाह दी गई है।
तीन चरणों में होगा यार्ड रीमॉडलिंग का काम
बीना स्टेशन यार्ड में आगासौद-बीना के बीच तीसरी रेल लाइन को बीना स्टेशन से जोड़ने का काम किया जा रहा है। इसे प्री से प्री-नॉन इंटरलॉकिंग, प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग के तीन चरणों में पूरा किया जाएगा।
पहला चरण 14 से 31 अगस्त तक, दूसरा चरण 1 सितंबर से 12 अक्टूबर तक और अंतिम नॉन इंटरलॉकिंग चरण 13 से 15 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान ट्रेनों के संचालन में कई बदलाव किए गए हैं।
ये भी पढ़े तहसीलदार एक्का पर कार्रवाई 13 माह से लंबित, राजस्व मंत्री बोले- कलेक्टर से करेंगे बात
16 ट्रेनें रहेंगी रद्द
रीमॉडलिंग के चलते कुल 16 ट्रेन सेवाएं निरस्त रहेंगी। इनमें भोपाल-ग्वालियर ट्रेन (12197/12198) 1 से 15 अक्टूबर तक रद्द रहेगी। ग्वालियर-एसएमवीटी बेंगलुरु ट्रेन (11086/11085) भी निर्धारित तारीखों पर निरस्त रहेगी। ललितपुर-बीना ट्रेन (64618/64617) 20 से 26 सितंबर तक नहीं चलेगी।
इसके अलावा 48 लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं। दादर-बलिया स्पेशल (01025) इटारसी-जबलपुर-कटनी-सतना-मानिकपुर होकर चलेगी। वहीं अहमदाबाद-दरभंगा एक्सप्रेस (19165) गुना-ग्वालियर-इटावा-गोविंदपुरी मार्ग से संचालित होगी।
12 ट्रेनों का संचालन दूसरे स्टेशनों से
कार्य के दौरान 12 ट्रेनों का प्रारंभ या समापन बीना के बजाय दूसरे स्टेशनों से होगा। बिलासपुर-भोपाल ट्रेन (18236) 6 से 14 अक्टूबर तक मालखेड़ी में समाप्त होगी। भोपाल-बिलासपुर ट्रेन (18235) 7 से 15 अक्टूबर तक मालखेड़ी से शुरू होगी।
कटनी-बीना सवारी ट्रेन (11602) 29 सितंबर से 15 अक्टूबर तक खुरई में समाप्त होगी, जबकि बीना-कटनी सवारी ट्रेन (11601) 30 सितंबर से 16 अक्टूबर तक खुरई से चलेगी। छह ट्रेनें बीना स्टेशन को फ्लाईओवर के जरिए बिना रुके पार करेंगी।
21 ट्रेनों का ठहराव समय घटाया
रीमॉडलिंग कार्य के चलते बीना स्टेशन पर 21 ट्रेनों के ठहराव समय में अस्थायी कमी की गई है। जिन ट्रेनों का ठहराव पहले 5 या 10 मिनट था, उनका स्टॉपेज घटाकर 2 मिनट किया गया है।
डॉ. अंबेडकर नगर-प्रयागराज एक्सप्रेस (14115/14116) 30 सितंबर से 15 अक्टूबर तक प्रभावित रहेगी। गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस (15029) 24 सितंबर से 15 अक्टूबर तक और पटना-इंदौर एक्सप्रेस (19314) 18 सितंबर से 15 अक्टूबर तक प्रभावित होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के रूट, समय और संचालन की ताजा जानकारी जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी न हो।

