इंदौर: इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऑपरेशन फास्ट-2.0 के तहत साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल किए गए संदिग्ध सिम कार्ड उपलब्ध कराने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि इन सिम नंबरों का इस्तेमाल महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में दर्ज साइबर फ्रॉड के मामलों में किया गया। इन मामलों में कुल 84 लाख 58 हजार 499 रुपए की धोखाधड़ी सामने आई है।
संदिग्ध सिम की जांच से खुला नेटवर्क
क्राइम ब्रांच की यह कार्रवाई गृह मंत्रालय और राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, भोपाल से मिली संदिग्ध POS धारकों, एजेंटों और फर्जी सिम यूजर्स की सूची के आधार पर की गई। सूची की जांच के दौरान पुलिस को चार संदिग्ध मोबाइल नंबर मिले। इन नंबरों की पड़ताल में सिम उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई।
दुकान संचालक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम ने मालवा मिल के पास यशवंत निवास रोड स्थित राउत कलेक्शन की जांच की। यहां दुकान संचालक राजेन्द्र राऊत की भूमिका संदिग्ध मिली।
ये भी पढ़े रतलाम में 10 दिन पुरानी ई-स्कूटी में ब्लास्ट, मां-बेटी की हुई मौत
आगे की जांच में सिम उपलब्ध कराने के मामले में दो अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने राजेन्द्र राऊत, आनंद वासरे और सूरज सिंह को गिरफ्तार किया है।
महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के साइबर फ्रॉड से कनेक्शन
क्राइम ब्रांच ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों से जुड़े सिम कार्ड और उनके जारी होने की जानकारी का NCRP पोर्टल पर दर्ज शिकायतों से मिलान किया।
जांच में सामने आया कि इन सिम कार्ड का इस्तेमाल महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में दर्ज साइबर फ्रॉड के मामलों में किया गया था। दोनों राज्यों की शिकायतों में कुल 84 लाख 58 हजार 499 रुपए से अधिक की ठगी सामने आई है।
सिम नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों से सिम कार्ड, दस्तावेज और अन्य सामग्री को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने कितने लोगों को संदिग्ध सिम उपलब्ध कराए और इस नेटवर्क से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं। इसके अलावा साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल पुलिस से समन्वय
क्राइम ब्रांच महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल की संबंधित पुलिस इकाइयों के साथ समन्वय कर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम हासिल करने, संदिग्ध लोगों को सिम उपलब्ध कराने और इनका साइबर अपराधों में इस्तेमाल करने वाले नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगा रही है।
पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले फर्जी या संदिग्ध सिम कार्ड उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

