भोपाल: बाल देखरेख संस्थाओं से निकलने वाले बच्चे और केयर लीवर्स अपनी परिस्थितियों से नहीं, बल्कि अपने संकल्प, मेहनत और उपलब्धियों से पहचान बनाएं। सरकार का प्रयास है कि संरक्षण व्यवस्था से बाहर आने के बाद कोई भी बच्चा खुद को अकेला महसूस न करे और उसे शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्वरोजगार तथा आत्मनिर्भरता के पर्याप्त अवसर मिलें। यह बात महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कही।
वे भोपाल स्थित राज्य होटल प्रबंधन संस्थान में मिशन वात्सल्य के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग और कैटलिस्ट्स फॉर सोशल एक्शन (CSA) के सहयोग से आयोजित बाल देखरेख संस्थाओं के बच्चों एवं केयर लीवर्स की राज्य स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रही थीं।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि ‘संघर्ष चाहे जितना बड़ा हो, सफलता उससे बड़ी हो सकती है।’ मध्यप्रदेश के कई केयर लीवर्स अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर प्रदेश ही नहीं, देश और विदेश में भी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेना की वर्दी में अपने बच्चों को देखकर गर्व होता है। इन युवाओं की सफलता साबित करती है कि सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो कठिन परिस्थितियां भी मंजिल की राह नहीं रोक सकतीं।
नौकरी लेने वाले नहीं, देने वाले बनें युवा
मंत्री ने युवाओं से एकजुट होकर आगे बढ़ने और जरूरतमंद साथियों की मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रोजगार मिलना अच्छी उपलब्धि है, लेकिन युवाओं का लक्ष्य इससे आगे बढ़कर ऐसा मुकाम हासिल करना होना चाहिए, जहां वे स्वयं दूसरों को रोजगार दे सकें। उन्होंने कहा कि एक युवा की सफलता तभी और सार्थक होगी, जब उससे दूसरे युवाओं के लिए भी अवसर पैदा हों।
मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना का बढ़ाया जा रहा दायरा
सुश्री भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने बाल देखरेख संस्थाओं से बाहर आने वाले बच्चों और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना शुरू की है। योजना को और सरल बनाने तथा उसका दायरा बढ़ाने पर काम किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बच्चे और युवा शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भर जीवन के लिए जरूरी सहयोग प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि मिशन वात्सल्य के माध्यम से सरकार की प्राथमिकता केवल बच्चों को संरक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान, अवसर, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर जीवन का अधिकार दिलाना है।
संघर्ष से सफलता तक की कहानियों ने बढ़ाया हौसला
कार्यशाला में सफल केयर लीवर्स ने अपने संघर्ष और उपलब्धियों के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि शुरुआती परिस्थितियां जीवन की अंतिम मंजिल तय नहीं करतीं। मेहनत, आत्मविश्वास, सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर सफलता की नई राह बनाई जा सकती है।
इस दौरान बाल देखरेख संस्थाओं से निकलकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया गया। बच्चों और केयर लीवर्स ने कैरियर, मानसिक स्वास्थ्य, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और जीवन कौशल से जुड़े विषयों पर मंत्री से संवाद कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
सफलता की कहानियों पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन
कार्यशाला में केयर लीवर्स की सफलता की कहानियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। मंत्री ने कहा कि यह पुस्तक केवल उपलब्धियों का संकलन नहीं, बल्कि उन उपलब्धियों के पीछे छिपे संघर्ष, मेहनत और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प की कहानी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन युवाओं की सफलता दूसरे बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।
हुनर को बाजार से जोड़ने पर जोर
कार्यशाला में बच्चों द्वारा तैयार किए गए जूट बैग, कलाकृतियों और अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मंत्री ने बच्चों के हुनर की सराहना करते हुए कहा कि केवल कौशल प्रशिक्षण देना पर्याप्त नहीं है। उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ना और स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
कार्यशाला में औद्योगिक प्रतिष्ठानों और विभिन्न संस्थाओं के साथ इंटर्नशिप एवं रोजगार के अवसरों पर भी चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने कैरियर मार्गदर्शन, भविष्य की कार्ययोजना, मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक जरूरतों से जुड़े विषयों पर जानकारी दी।
आफ्टर केयर सेवाओं को मजबूत करने पर जोर
मंत्री ने आफ्टर केयर सेवाओं के क्षेत्र में CSA के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग और CSA के बेहतर समन्वय से केयर लीवर्स के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं। उन्होंने CSA की CEO सुश्री स्मिता शेट्टी, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुश्री श्वेता मोदी और पूरी टीम के प्रयासों की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि विभागीय दौरों के दौरान वे केयर लीवर्स से संवाद करती हैं और उनके भीतर आगे बढ़ने की ऊर्जा तथा अपने लक्ष्य हासिल करने का उत्साह देखकर प्रसन्नता होती है।
आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाना लक्ष्य : निधि निवेदिता
महिला एवं बाल विकास आयुक्त सुश्री निधि निवेदिता ने कहा कि आफ्टर केयर केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। बाल देखरेख संस्थाओं से बाहर आने वाले युवाओं को उच्च शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, मानसिक स्वास्थ्य और जीवन कौशल के क्षेत्र में निरंतर सहयोग दिया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को संरक्षण देने के साथ उनमें निर्णय लेने की क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करना तथा उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर देना विभाग की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर CSA की एनुअल रिपोर्ट का भी विमोचन किया गया। सीएसए के श्री दीपेश चौकसे ने केयर लीवर्स से जुड़े कार्यों और उनकी उपलब्धियों की जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि बच्चों और युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए सरकार मार्गदर्शन, सहयोग और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

