Friday, November 13, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Homeमध्य प्रदेशसीहोर में 25 अगस्त को 11 KM कांवड़ यात्रा: पंडित प्रदीप मिश्रा...

सीहोर में 25 अगस्त को 11 KM कांवड़ यात्रा: पंडित प्रदीप मिश्रा खुद कांवड़ लेकर चलेंगे, 2 हजार पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

सीहोर | सीहोर में 25 अगस्त को शिवभक्ति का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। सीवन नदी तट से कुबेरेश्वर धाम तक करीब 11 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा स्वयं कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल होंगे। वे सीवन नदी से जल लेकर पैदल कुबेरेश्वर धाम पहुंचेंगे और भगवान शिव की पूजा-अर्चना करेंगे।

सुबह 9 बजे सीवन नदी से शुरू होगी यात्रा

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा के अनुसार, यात्रा सुबह 9 बजे सीवन नदी से शुरू होगी। पंडित प्रदीप मिश्रा के कांवड़ लेकर शामिल होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। यात्रा मार्ग पर भगवा ध्वज लगाए जाएंगे और जगह-जगह ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजेंगे।

200 से ज्यादा सेवा केंद्र बनेंगे

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीवन नदी से कुबेरेश्वर धाम तक 200 से अधिक सेवा केंद्र बनाए जाएंगे। यहां सामाजिक और धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ता पानी, चाय, फलाहार और प्रसादी की व्यवस्था करेंगे।

सावन में 30 लाख श्रद्धालु पहुंच चुके

समिति के मुताबिक, सावन के दौरान अब तक करीब 30 लाख श्रद्धालु कुबेरेश्वर धाम पहुंच चुके हैं। शेष दिनों में यह संख्या एक करोड़ तक पहुंचने का दावा किया गया है। भीड़ को देखते हुए 19 अगस्त से रुद्राक्ष वितरण भी आगामी निर्देश तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

23 अगस्त से डायवर्जन लागू

यात्रा को देखते हुए 23 अगस्त सुबह 6 बजे से 25 अगस्त रात 12 बजे तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। भोपाल-इंदौर मार्ग पर भारी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। छोटे और यात्री वाहनों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किए जाएंगे।

2 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

24 और 25 अगस्त को करीब 2 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। इनमें दूसरे जिलों से बुलाए गए करीब 1500 पुलिसकर्मी और सीहोर जिले के 500 से 1000 पुलिसकर्मी शामिल रहेंगे। धाम समिति के करीब 600 वॉलंटियर्स भी प्रशासन की मदद करेंगे।

मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था

यात्रा मार्ग और कुबेरेश्वर धाम में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और जरूरी दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी। धाम में अस्थायी आईसीयू सुविधा वाले अस्पताल की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।

डाक कांवड़ लेकर पहुंच रहे श्रद्धालु

नर्मदापुरम सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर कुबेरेश्वर धाम पहुंच रहे हैं। कई युवा डाक कांवड़ के जरिए दौड़ते हुए लंबी दूरी तय कर रहे हैं। बारिश और गर्मी के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह बना हुआ है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन