उज्जैन: रक्षाबंधन के पर्व पर उज्जैन के क्षीरसागर स्थित एसके साई कृपा हायर सेकेंडरी स्कूल में देशभक्ति और भाई-बहन के स्नेह का अनोखा संगम देखने को मिला। स्कूल में ‘एक राखी जवानों के नाम’ अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों छात्राओं ने देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के लिए अपने हाथों से राखियां तैयार कीं और भावनाओं से भरे पत्र लिखे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के एक हाथ में सैनिक भाइयों के लिए राखी थी तो दूसरे हाथ में उनके नाम लिखा संदेश। छात्राओं ने अपने पत्रों के माध्यम से सीमा पर तैनात जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और आभार व्यक्त किया।
‘एक राखी जवानों के नाम’
स्कूल के प्राचार्य एन.एस. पवार ने बताया कि डाक विभाग के माध्यम से चलाए जा रहे ‘एक राखी जवानों के नाम’ अभियान के तहत यह आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना विकसित करना और सीमा पर देश की सुरक्षा में तैनात जवानों तक यह संदेश पहुंचाना है कि पूरा देश उनके त्याग और समर्पण का सम्मान करता है।
छात्राओं ने सैनिक भाइयों के लिए आकर्षक राखियां बनाने के साथ पत्रों को भी सजाया। किसी ने लिखा, ‘सैनिक भैया के नाम आपकी वीरा का सलाम’, तो किसी ने संदेश दिया, ‘हैप्पी रक्षाबंधन, मेरे प्यारे सैनिक भाई।’
छात्राओं द्वारा तैयार की गई राखियां और पत्र अब सीमा पर तैनात जवानों तक पहुंचाए जाएंगे। यह आयोजन सिर्फ रक्षाबंधन के पर्व तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों के मन में देशप्रेम और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत कर गया।

