Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsशिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के आयुक्त कक्ष में पहुंचने पर कर्मचारियों का पेन...

शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के आयुक्त कक्ष में पहुंचने पर कर्मचारियों का पेन डाउन, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

भोपाल: प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के एक समूह के लोक शिक्षण आयुक्त के कक्ष में पहुंचकर नारेबाजी करने की घटना के विरोध में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने शुक्रवार को दो घंटे का पेन डाउन रखा। इस दौरान आयुक्त कार्यालय में शासकीय कामकाज प्रभावित रहा। दो घंटे बाद कर्मचारी वापस काम पर लौट आए।

कर्मचारी संगठनों ने किया प्रदर्शन

घटना के विरोध में राज्य शिक्षा केंद्र परिसर के बाहर विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

कर्मचारी संगठनों का कहना है कि अपनी मांगों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से रखना सभी का अधिकार है, लेकिन सरकारी कार्यालय में जबरन प्रवेश कर नारेबाजी करना उचित नहीं है।

आयुक्त कक्ष में पहुंचकर की थी नारेबाजी

बताया गया कि गुरुवार शाम प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का एक समूह लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह के कक्ष में पहुंच गया था। यहां अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को परिसर से बाहर किया।

घटना के बाद संविदा कर्मचारी अधिकारी संयुक्त मोर्चा सहित अन्य कर्मचारी संगठनों ने राज्य शिक्षा केंद्र के बाहर विरोध जताया। कर्मचारी नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

दो घंटे बाद काम पर लौटे कर्मचारी

कर्मचारी नेता मुकेश शर्मा के अनुसार, घटना के बाद प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने आयुक्त से माफी मांग ली थी। इसके बाद कर्मचारियों ने शासकीय कामकाज पूरी तरह प्रभावित न हो, इसलिए दो घंटे का पेन डाउन रखा और फिर अपने कार्य पर लौट आए।

वहीं, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल भी घटना की जानकारी मिलने के बाद लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की और विषम परिस्थितियों में एकजुटता बनाए रखने की सराहना की। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कर्मचारियों से छात्र हित में जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की।

पद वृद्धि और नियुक्ति की मांग पर अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी

दूसरी ओर, प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। अभ्यर्थी पद वृद्धि और नियुक्ति की मांग को लेकर नीलम पार्क में प्रदर्शन कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों की मांग है कि वर्ग-2 और वर्ग-3 के पदों की संख्या बढ़ाई जाए और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं। उनका कहना है कि शिक्षा विभाग में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, इसके बावजूद परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं दी जा रही है।

अभ्यर्थियों ने डीएलएड डिग्री से जुड़े मुद्दे और पदों की संख्या नहीं बढ़ाए जाने को भी नियुक्ति प्रक्रिया में बाधा बताया है। उनका कहना है कि जब तक पद वृद्धि के साथ नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन