नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने चार साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सर्दी-जुकाम की कुछ दवाओं को लेकर बड़ा आदेश जारी किया है। सरकार ने निर्देश दिया है कि क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फिनाइलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड के कॉम्बिनेशन से बनी किसी भी दवा का इस्तेमाल चार साल से कम उम्र के बच्चों में नहीं किया जाएगा।
सरकार ने दवा कंपनियों को इन दवाओं के पैकेट, अंदर दिए जाने वाले विवरण और प्रचार सामग्री पर स्पष्ट चेतावनी लिखने के निर्देश दिए हैं। दवा के लेबल पर साफ तौर पर उल्लेख करना होगा कि चार साल से कम उम्र के बच्चों में इस दवा का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए।
एक्सपर्ट कमेटी और DTAB की सिफारिश पर फैसला
केंद्र सरकार ने एक्सपर्ट कमेटी और ड्रग्स टेक्नीकल एडवाइजरी बोर्ड (DTAB) की सिफारिशों के बाद यह निर्णय लिया है। विशेषज्ञों के अनुसार, क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फिनाइलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड के कॉम्बिनेशन से छोटे बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी जोखिम हो सकते हैं, जबकि इस आयु वर्ग के लिए सुरक्षित विकल्प उपलब्ध हैं।
यह आदेश ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 26A के तहत जारी किया गया है।
अब सभी FDC दवाओं के दायरे में आएगा कॉम्बिनेशन
इससे पहले 15 अप्रैल 2025 की अधिसूचना में कुछ फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन (FDC) दवाओं पर इस संबंध में चेतावनी लगाई गई थी। अब सरकार ने इसका दायरा बढ़ाते हुए इन दोनों दवा घटकों से बनने वाली सभी FDC दवाओं को शामिल कर लिया है।
FDC ऐसी दवाएं होती हैं, जिनमें दो या उससे अधिक सक्रिय दवा घटकों को एक निश्चित मात्रा में मिलाकर तैयार किया जाता है।
पहले 2 साल से छोटे बच्चों को कफ सिरप न देने की सलाह
इससे पहले 3 अक्टूबर 2025 को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दो साल से कम उम्र के बच्चों को कफ सिरप और सर्दी-खांसी की दवाएं न देने की एडवाइजरी जारी की थी। मध्य प्रदेश और राजस्थान में कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत की खबरों के बाद यह कदम उठाया गया था।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने तब कहा था कि आमतौर पर पांच साल से कम उम्र के बच्चों को कफ सिरप देने से बचना चाहिए। अधिक उम्र के बच्चों को भी ऐसी दवाएं केवल सावधानी और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दी जानी चाहिए।

