नई दिल्ली: भारतीय वैज्ञानिकों ने कैंसर के इलाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वैज्ञानिकों ने RK-251 नाम की एक नई ‘स्मार्ट’ कैंसर दवा विकसित की है, जिसे मुख्य रूप से कैंसर कोशिकाओं को पहचानकर उन्हीं के भीतर सक्रिय होने के लिए डिजाइन किया गया है। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि यह तकनीक भविष्य में कैंसर के इलाज को अधिक सटीक बनाने और कीमोथेरेपी से होने वाले दुष्प्रभावों को कम करने में मददगार हो सकती है।
केंद्र सरकार के अनुसार, इस नई तकनीक का उद्देश्य दवा को स्वस्थ कोशिकाओं में निष्क्रिय रखना और कैंसर कोशिकाओं तक पहुंचने के बाद ही सक्रिय करना है। हालांकि, RK-251 अभी शुरुआती प्रयोगशाला अनुसंधान के चरण में है और इसे फिलहाल मरीजों के लिए कीमोथेरेपी का विकल्प नहीं माना जा सकता।
IASST और IIT-गुवाहाटी ने मिलकर विकसित की दवा
RK-251 को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के तहत स्वायत्त संस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडी इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (IASST) और आईआईटी-गुवाहाटी के वैज्ञानिकों ने संयुक्त रूप से विकसित किया है।
इस शोध का नेतृत्व IASST के डॉ. असिस बाला और IIT-गुवाहाटी के डॉ. के.पी. भाबक ने किया। शोध के नतीजे 2 जुलाई 2026 को पीयर-रिव्यूड वैज्ञानिक जर्नल जर्नल ऑफ मेडिसिनल केमिस्ट्री में प्रकाशित किए गए हैं।
कैंसर कोशिकाओं में पहुंचकर सक्रिय होती है RK-251
RK-251 की कार्यप्रणाली ‘स्मार्ट ड्रग डिलीवरी’ के सिद्धांत पर आधारित है। इस दवा को तब तक निष्क्रिय रखने के लिए तैयार किया गया है, जब तक वह कैंसर कोशिकाओं तक नहीं पहुंच जाती।
कैंसर कोशिकाओं में आमतौर पर रिएक्टिव ऑक्सीजन स्पीशीज (ROS) का स्तर अधिक होता है। RK-251 के कैंसर कोशिका में पहुंचने पर ROS का बढ़ा हुआ स्तर दवा को सक्रिय करता है और NBDHEX नाम का एंटी-कैंसर कंपाउंड रिलीज होता है। यह कंपाउंड उन प्रोटीन को निशाना बनाता है, जिनका इस्तेमाल कई कैंसर कोशिकाएं जीवित रहने और उपचार का प्रतिरोध करने के लिए करती हैं।
स्वस्थ कोशिकाओं को कम नुकसान पहुंचाने की उम्मीद
पारंपरिक कीमोथेरेपी में कई बार कैंसर कोशिकाओं के साथ स्वस्थ कोशिकाएं भी प्रभावित हो जाती हैं, जिससे मरीजों को कई तरह के साइड इफेक्ट्स का सामना करना पड़ता है। RK-251 को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह मुख्य रूप से कैंसर कोशिकाओं के भीतर ही सक्रिय हो।
वैज्ञानिकों का मानना है कि यह तकनीक भविष्य में कैंसर के इलाज में स्वस्थ कोशिकाओं को होने वाले अनचाहे नुकसान को कम करने में मदद कर सकती है।
अभी शुरुआती रिसर्च के दौर में है दवा
RK-251 को लेकर उम्मीदें जरूर बढ़ी हैं, लेकिन वैज्ञानिकों ने स्पष्ट किया है कि यह फिलहाल कैंसर मरीजों के लिए उपलब्ध या प्रमाणित इलाज नहीं है। यह यौगिक अभी प्रयोगशाला में शुरुआती परीक्षण के दौर में है। इसकी सुरक्षा और प्रभावशीलता को समझने के लिए आगे विस्तृत अध्ययन और इंसानों पर क्लीनिकल ट्रायल की जरूरत होगी।

